स्वार। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण को गति देने के लिए तहसीलदार ने मस्जिदों के इमामों से सहयोग मांगा है। उन्होंने जुमे की नमाज के बाद लोगों को कोरोना टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
गुरुवार से स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना से बचाव को टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। लोगों को टीकाकरण के लिए जहां धार्मिक गुरुओं का आह्वान किया जा रहा है। वहीं, तहसीलदार आर्ची गुप्ता ने तहसील सभागार में इमामों की बैठक लेकर लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने का आह्वान किया है। तहसीलदार ने कहा कि वह टीके को लेकर फैली अफवाहों पर ध्यान न दें। कोरोना की दूसरी लहर में अधिक मानव क्षति हुई है। तीसरी लहर की आशंका बनी हुई है। इसलिए सभी का टीकाकरण होना है। वह स्वयं टीका लगवाएं और अपने परिवार के 18 साल से अधिक के सभी परिजनों का टीकाकरण कराएं। जुमे की नमाज के बाद लोगों को टीकाकरण कराने को प्रेरित करें। प्रभारी चिकित्साधिकारी इंदूकांत वर्मा ने भी इमामों से कोरोना टीकाकरण में सहयोग देने की अपील की। इस दौरान बीएमसी के ए. खान, शहर इमाम मोहम्मद अहमद खतीबी, मस्जिदे रजा के इमाम मौलाना नाजिम खां, मदीना मस्जिद के इमाम आसिफ रजा, आयशा मस्जिद के इमाम मोहम्मद रफी, जामुल बरकात के इमाम मौलाना रिजवान बरकाती मौजूद रहे।