रामपुर: नकवी ने देश के पहले अमृत सरोवर का किया उद्घाटन, नौका विहार का आनंद लेकर चखा गोलगप्पों का स्वाद
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पटवाई स्थित एक तालाब को अमृत सरोवर के रूप में सजाया-संवारा गया है। अमृत सरोवर का शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के साथ उद्घाटन किया।
विस्तार
केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री एवं राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को पटवाई स्थित देश के पहले अमृत सरोवर का उद्घाटन किया। इस दौरान अमृत सरोवर में नौका विहार का आनंद लिया और बाद में फूड कॉर्नर पर जाकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के साथ गोलगप्पों का स्वाद भी चखा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पटवाई स्थित एक तालाब को अमृत सरोवर के रूप में सजाया-संवारा गया है। ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत निधि से करीब 57 लाख रुपये की लागत से बने अमृत सरोवर का शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के साथ उद्घाटन किया।
इस अवसर पर नकवी ने केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्य गिनाने के साथ ही पटवाई के अमृत सरोवर को पर्यटन व ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने का मजबूत संसाधन बताया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
अमृत सरोवर का उद्घाटन कर नकवी ने स्वतंत्र देव सिंह और बलदेव सिंह औलख के साथ पहले नौकाविहार का आनंद लिया और उसके बाद अमृत सरोवर में ही बने फूड कॉर्नर पर जाकर गोलगप्पों का स्वाद चखा, जो कि चर्चा का विषय बन गया।