रामपुर: पत्नी की गैर इरादतन हत्या का आरोपी पति भी फंदे पर झूला, क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर मारा था
थाना क्षेत्र के इंची की मड़ैया गांव निवासी खूबकरन लोधी (42) पुताई का काम करता था। गुरुवार दोपहर को उसका अपनी पत्नी रेखा (41) से विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान खूबकरन ने क्रिकेट बैट से अपनी पत्नी की पिटाई कर दी, जिसके बाद उपचार के दौरान गुरुवार को ही रेखा की मौत हो गई।
विस्तार
पत्नी को पीटने पर उपचार के दौरान उसकी मौत के मामले में पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन, आरोपी पति भी गुरुवार देर रात किसी वक्त फंदे पर झूल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब उसके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो उन्हें खूबकरन का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के इंची की मड़ैया गांव निवासी खूबकरन लोधी (42) पुताई का काम करता था। गुरुवार दोपहर को उसका अपनी पत्नी रेखा (41) से विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान खूबकरन ने क्रिकेट बैट से अपनी पत्नी की पिटाई कर दी, जिसके बाद उपचार के दौरान गुरुवार को ही रेखा की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने खूबकरन के बेटे विजय कुमार की तहरीर के आधार पर खूबकरन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
गुरुवार रात लगाई फांसी
घटना के बाद गुरुवार देर रात परिजनों की गैर मौजूदगी में खूबकरन ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह परिजनों द्वारा कमरा बंद देख काफी खुलवाने का प्रयास किया और दरवाजा नहीं खुलने पर दरवाजा तोड़कर देखा तो उनके होश उड़ गए। खूबकरन का शव कमरे में चैनल के सहारे फंदे पर झूल रहा था। परिजनों ने सूचना थाना पुलिस को दी।
मौके पर क्षेत्राधिकारी पहुंचे
सूचना पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच गए व उच्चाधिकारियों को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी ओमकार नाथ शर्मा भी फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का मौका मुआयना कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को जिला चिकित्सालय भिजवाया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि खूबकरन के पुत्र विजय कुमार की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को जिला चिकित्सालय भिजवा दिया गया है।