{"_id":"63c810ec787e8b193756f5df","slug":"rampur-gets-investment-proposal-of-3058-crores-2023-01-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rampur: रामपुर को मिले 3058 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7380 लोगों को मिलेगा रोजगार, 87 उद्यमियों ने किया करार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rampur: रामपुर को मिले 3058 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 7380 लोगों को मिलेगा रोजगार, 87 उद्यमियों ने किया करार
Wed, 18 Jan 2023 09:02 PM IST
Digvijay Singh
अमर उजाला नेटवर्क,रामपुर
अमर उजाला नेटवर्क,रामपुर
Published by: Digvijay Singh
Updated Wed, 18 Jan 2023 09:02 PM IST
सार
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) और जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से बुधवार को बरेली रोड स्थित एक होटल में एक दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
विज्ञापन
एक दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
निवेशकों ने रामपुर में निवेश करने को पहली पसंद माना है। इंवेस्टर्स समिट में 87 निवेशकों ने 3058.89 करोड़ रुपये के निवेश करने के प्रस्ताव रखे। इससे 7380 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने संभावना जताई है कि लखनऊ में 10 से 12 फरवरी तक आयोजित समिट से पहले रामपुर में निवेश का आंकड़ा पांच हजार करोड़ के पार पहुंच सकता है।
विज्ञापन
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) और जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से बुधवार को बरेली रोड स्थित एक होटल में एक दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जनपद में स्थानीय उद्योगपति अपने उद्योग को सर्वाधिक बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं । वे ही अन्य उद्यमियों को जिले में उद्यम स्थापित करने की शासन की मंशा को साकार बनाने में प्रशासन का सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की हर प्रकार की समस्याओं के समाधान तथा उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मणंडल स्तर पर वेबसाइट प्रारंभ करने की तैयारी है।
विज्ञापन
वर्तमान में उद्यमियों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं को चिह्नित करने तथा उनके समाधान के लिए डेडीकेटेड व्हाट्सएप नंबर सक्रिय किया गया है जिसके माध्यम से उद्यमियों की एनओसी सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों का एक मात्र उद्देश्य यही है कि दूसरे राज्यों अथवा दूसरे जनपदों से आने वाले निवेशकों को अपना उद्योग स्थापित करने के दौरान अनावश्यक रूप से भागदौड़ का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि निवेश आपका-जिम्मेदारी हमारी थीम के साथ निवेशकों को हर प्रकार से अनुकूल माहौल प्रदान किया जा रहा है। जमीनों से संबन्धित धारा-80 को लेकर उद्यमियों को होने वाली समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में नए उद्योग स्थापित करने के दौरान निवेशकों के सामने आने वाली उपयुक्त जमीन की उपलब्धता की समस्या भी दूर की जाएगी। पूर्व में जनपद औद्योगिक हब रहा था अब पुन: जनपद को उसी स्वरूप में विकसित करने के लिए हम सभी को प्रयास करना है।
विज्ञापन
इस मौके पर भाजपा विधायक आकाश सक्सेना कहा कि अतीत में प्रदेश में उद्योगों के मामलें में कानपुर के बाद रामपुर का नाम आता था। लेकिन समय के साथ उद्योग बंद होते चले गए। वर्तमान सरकार ने उद्यमियों को सुरक्षा और सुविधायुक्त माहौल दिया है। उन्होंने कहा कि रामपुर के लोगों ने हर क्षेत्र में उन्नति के लिए उत्सुकता दिखाई है। नई औद्योगिक नीति के अनुसार जो जमीनें उद्योग के लिए दी जा सकती हैं। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि उद्योगों को स्थापित करने के साथ ही उनका संचालन और सुरक्षात्मक माहौल बेहद जरूरी होता है।
सीडीओ नंद किशोर कलाल ने कहा कि उद्योग स्थापित करने के लिए उद्यमियों को भूमि, विद्युत और फायर सहित विभिन्न प्रकार की एनओसी की सहज उपलब्धता सुनिश्चित कराने लिए जिले में नोडल ऑफिस को सक्रिय किया जाएगा ताकि नोडल आफिस के स्तर से ही प्रत्येक विभाग से समन्वय स्थापित करके उद्यमी को एनओसी प्राप्त करने में सुविधा दी जा सके। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त उद्योग मुरादाबाद मंडल योगेश कुमार, उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार, आईआईए रामपुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता, आईआईए के सचिव श्री श्रीष गुप्ता सहित अन्य कई उद्यमी मौजूद रहे।