रामपुर। किसानों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के आवास पर पहुंचे। यहां पर कांग्रेसियों ने कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर न केवल आवास का घेराव किया बल्कि एक ज्ञापन राज्यमंत्री के आवास पर चस्पा कर दिया।
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार को बरेली गेट पर एकत्र हुए। यहां से मक्का मिल कॉलोनी स्थित राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के आवास पर पहुंचे। जहां पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ किसानों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र देव गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी मनमानी पर उतारू है। वह किसानों के दर्द को समझना नहीं चाहती। मोदी सरकार आज भी किसानों के बीच जाने से बच रही है। प्रधानमंत्री और मंत्री सिर्फ फर्जी और झूठे भाषण दे रहे हैं। पिछले 25 दिनों में अगर किसानो की चिंता होती तो मोदी जी किसानों के बीच जाते उनकी पीड़ा सुनते, लेकिन किसानों के आंदोलन को ही मोदी सरकार के मंत्रियों ने तरह-तरह का रूप दिया। इसके बाद राज्यमंत्री के आवास पर न होने के कारण कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में एक ज्ञापन उनके आवास पर चस्पा कर दिया। इस मौके पर मामून शाह खां, नोमान खां,अकरम सुल्तान,रामगोपाल सैनी,शारिब अली खां, जमील मियां, अय्यूब अली, रमेश कुमार, दिव्यांश सिंघल, हसीब खां, अंकुश अग्रवाल, एजाज खां, मोहसिन मुस्तफा, रईस अहमद, ताबिश खां, महफूज खां, इरफान मंसूरी, इमरान सैफी, नासिर अली, खलील अहमद, जमील अहमद, मुनव्वर अली आदि मौजूद रहे।