{"_id":"5f4a9e558ebc3e17635391fc","slug":"prisioner-ran-away-from-kovid-hospital-of-jauhar-university-rampur-news-mbd3607429169","type":"story","status":"publish","title_hn":"जौहर यूनिवर्सिटी के कोविड सेंटर से बंदी फरार, मुकदमा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जौहर यूनिवर्सिटी के कोविड सेंटर से बंदी फरार, मुकदमा
Sat, 29 Aug 2020 11:58 PM IST
मुरादाबाद ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
Published by: मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Sat, 29 Aug 2020 11:58 PM IST
विज्ञापन
जौहर यूनिवर्सिटी
- फोटो : अमर उजाला
जौहर यूनिवर्सिटी स्थित कोविड सेंटर से एक बंदी फरार हो गया है। केमरी निवासी सलीम पर एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने उसे 2016 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जिला जेल में कोरोना की जांच के दौरान उसकी रिपोर्ट 22 अगस्त को पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसे जौहर यूनिवर्सिटी स्थित कोविड सेंटर भेजा गया था।
विज्ञापन
शुक्रवार की रात उसे कोविड सेंटर से अस्थायी जेल में ले जाया जा रहा था। इस दौरान वह बहाना करके सेंटर के अंदर चला गया और टूटी हुई खिड़की से निकलकर फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ अजीमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
मामला अजीमनगर थानाक्षेत्र स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी का है। प्रशासन ने यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज को क्वारंटीन सेंटर बनाया है। 22 अगस्त को जिला जेल में बंद 12 बंदी कोरोना पॉजिटिव आए थे। इसके बाद उन्हें जौहर विश्वविद्यालय के क्वांरटीन सेंटर में भर्ती करा दिया गया था। एक दिन पहले ही शासनादेश आया कि बंदियों के लिए अस्थायी जेल को ही क्वारंटीन सेंटर बनाया जाए।
विज्ञापन
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे जेल का वाहन बंदियों को लेने के लिए जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचा। यहां बंदियों को एक-एक कर बैठाया गया, लेकिन उसमें एक बंदी गायब था।
पड़ताल की तो पता लगा कि हत्या और बलात्कार का आरोपी सलीम गायब है। आरोपी केमरी का रहने वाला है। उसके गायब होने की बात सामने आते ही पुलिस के होश उड़ गए। आननफानन में आरोपी को आसपास के जंगलों में तलाश किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार को दिन निकलने के बाद आरोपी की तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। शनिवार की शाम को क्वारंटीन सेंटर के चिकित्सक सतवीर सिंह की तहरीर पर आरोपी सलीम के खिलाफ महामारी अधिनियम एवं धारा 224 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एसपी शगुन गौतम ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। ऐसी संभावना है कि वह जौहर यूनिवर्सिटी के अंदर ही छिपा हुआ है। यूनिवर्सिटी के सभी रास्तों पर पुलिस लगा दी गई है। पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही है।