रामपुर। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक रामपुर के स्थानीय मुददों को लेकर चर्चा हुई। जिसमें केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया कि नए रामपुर के निर्माण और रामपुर को फिर से उद्योग नगरी बनाया जाएगा। जिसका लाभ रामपुर के बेरोजगार युवाओं को मिल सकेगा।
रामपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले आकाश सक्सेना इन दिनों दिल्ली में हैं। उन्होंने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। बुधवार को उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। अमित शाह ने उनसे रामपुर के बारे में जानकारी ली। भाजपा विधायक ने बताया कि रामपुर उद्योगों की नगरी कहलाता था। जहां तमाम बडे बडे उद्योग थे। लेकिन, रामपुर के कुछ नेताओं ने रामपुर को आर्थिक रूप से बर्बाद करने का काम किया। जिसकी वजह से रामपुर के उद्योग समाप्त हो गए और रामपुर के युवाओं का इसका खामियाजा भुगतना पड रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री से रामपुर को फिर से उद्योग नगरी बनाने और नए रामपुर के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। जिस पर गृहमंत्री ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर रामपुर के विकास, उत्थान, प्रगति के लिए काम करेंगी। ब्यूरो