कब तक जान लेते रहेंगे कुत्ते: खेत जा रहे अली हमजा को कुत्तों के झुंड ने घेरकर नोंचा, अस्पताल में हुई मौत
अली हमजा अपने खेत पर हाईवे की तरफ जा रहा था। घर के पास ही आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और उसके ऊपर हमला कर दिया।
विस्तार
यूपी के रामपुर स्थित भोट कोतवाली क्षेत्र के गांव मिलक बिचौला में कुत्तों के झुंड ने खेत जा रहे बालक पर हमला बोल दिया। हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में बालक की मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह ग्राम मजरा मिलक बिचोला निवासी रईस अहमद का पांच वर्षीय पुत्र अली हमजा अपने खेत पर हाईवे की तरफ जा रहा था। घर के पास ही आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और उसके ऊपर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बालक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बचाया।
बाद में गंभीर घायल बालक को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बालक की मौत हो गई। उधर, ग्राम निवासी शब्बीर अहमद की पांच वर्षीय पुत्री ईस्वी अपनी मां के साथ खेत पर चारा काटने गई थी।
ईस्वी की मां चारा काट रही थी और बालिका समीप के नलकूप पर पानी पीने चली गई। इसी दौरान आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और बालिका पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से बालिका गंभीर घायल हो गई और बालिका की चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बालिका को बचाया। बालिका को भी जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल से उपचार के बाद बालिका को छुट्टी दे दी गई।