रामपुर। गंज थाना क्षेत्र के गूजर टोला निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर नैनीताल में होटल का संचालन करने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में महिला की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गंज थाना क्षेत्र के गुजर टोला निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट दानिश खान की पत्नी राहेला खान ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर बताया कि उनके पिता मंजूर अली खान की जान पहचान गंज थाना क्षेत्र के कुंडा निवासी इमरान से थी। इमरान महिला के घर आता रहता था। इमरान मौजूदा समय में मल्लीताल में रहकर चालक का काम करता है। आरोप लगाया है कि एक दिन इमरान ने महिला के पिता से कहा कि उसके एक दोस्त दीपक का नैनीताल में होटल है। आरोप है कि एक दिन इमरान महिला और उनके पिता को नैनीताल लेकर गया और वहां उनकी मुलाकात दीपक शर्मा उर्फ सागर कुमार, आजाद और पवन से कराई। जिसके बाद महिला का मल्लीताल में एक होटल के संचालन के लिए 15.5 लाख रुपये में लीज पर तय हो गया। इसके बाद महिला ने 11 लाख रुपये पेटीएम और आरटीजीएस के माध्यम से दीपक शर्मा के खाते और उसके कहने पर उसकी बहन संध्या शर्मा को ट्रांसफर कर दिए। इस दौरान चार लाख रुपये दीपक शर्मा के कहने पर इमरान को नकद दिए गए। लेकिन, रुपये लेने के कुछ दिन बाद आरोपियों ने उन्हें होटल से निकाल दिया। इस बीच रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में पुलिस ने इस मामले में कुंडा निवासी इमरान, तल्लीताल के भावर हाल निवासी दीपक शर्मा, संध्या शर्मा, आजाद और पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।