फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Rampur News ›   The aroma of Habshi Halwa will fill the air at the UP Trade Show, while Zari-Zardosi will add a splash of color.

Rampur News: हब्शी हलवे की मिठास से महकेगा यूपी ट्रेड शो, जरी-जरदोजी बिखेरेगी रंग

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Tue, 22 Sep 2026 02:06 AM IST
विज्ञापन
The aroma of Habshi Halwa will fill the air at the UP Trade Show, while Zari-Zardosi will add a splash of color.
रामपुर। रामपुर के उत्पाद अब जिले की सीमाओं से निकलकर बड़े बाजार में दस्तक देंगे। ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से शुरू होने वाले यूपी ट्रेड शो में हब्शी हलवा, जरी-जरदोजी, हस्तशिल्प और मेंथा उत्पादों के प्रदर्शन से कारोबारियों को नए खरीदार और बाजार तलाशने का मौका मिलेगा।
विज्ञापन

दूसरे जिलों से आने वाले कारोबारी और संभावित खरीदार रामपुर के उत्पादों से रूबरू होंगे, जिससे नए कारोबारी संपर्क, थोक बिक्री और आगे आपूर्ति के रास्ते खुलने की संभावना है। उद्योग विभाग ने जिले के सात कारोबारियों को स्टॉल आवंटित किए हैं। हब्शी हलवा रामपुर के लिए एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) के तहत चयनित है।
विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा में हर साल की तरह इस साल भी यूपी ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है। 25 से 29 सितंबर तक होने वाले ट्रेड शो को लेकर उद्योग विभाग ने अपने स्तर से तैयारियां की हैं। ट्रेड शो में कारोबारी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ नए बाजार की संभावनाएं भी तलाश सकेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

विभिन्न जिलों से आने वाले कारोबारी और खरीदार यहां उत्पादों को देखेंगे। ऐसे में रामपुर के कारोबारियों को उत्पादों की मांग, कीमत और बाजार की जरूरत को समझने के साथ नए कारोबारी संपर्क बनाने का मौका मिल सकता है। उत्पाद पसंद आने पर आगे आपूर्ति और बिक्री के लिए कारोबार की संभावनाएं भी बन सकती हैं।
रामपुर के हब्शी हलवे को ओडीओसी के तहत शामिल किया गया है। ट्रेड शो में इसकी बिक्री और उत्पादन से जुड़े कारोबारी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ जरी-जरदोजी और हाथ की कारीगरी से तैयार उत्पाद भी स्टॉलों पर रखे जाएंगे। इन उत्पादों के जरिये कारोबारी अपने मौजूदा बाजार के अलावा नए खरीदारों तक पहुंच बनाने की कोशिश करेंगे।
मेंथा उत्पादों को भी ट्रेड शो में शामिल किया गया है। इससे मेंथा कारोबार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों को दूसरे क्षेत्रों के कारोबारियों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। अलग-अलग श्रेणी के उत्पादों के एक ही आयोजन में शामिल होने से रामपुर के कारोबारियों को अपने उत्पादों के लिए संभावित बाजार तलाशने का मौका मिलेगा।
उद्योग विभाग ने रामपुर के सात कारोबारियों को ट्रेड शो में स्टॉल आवंटित किए हैं। कारोबारी अपने उत्पाद लेकर ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। स्टॉल पर उत्पादों के साथ उनकी कीमत, गुणवत्ता और उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी, ताकि इच्छुक खरीदार और कारोबारी सीधे संपर्क कर सकें।
इनको आवंटित किया गया स्टॉल
कारोबारी------------------कारोबार
अशरफ ट्रेडर्स-------------जरी पेचवर्क
एजे हैंडीक्राफ्ट-----------ग्रासमेट कारपेट
गुलशन वेलफेयर सोसाइटी------ हैंड एंब्राइडरी
एमीगोज------------------टेबल रनर
नीरू मेंथोल-------------क्रिस्टल मेंथा
रेहान खां-------------- हब्शी हलवा
सुहेल अख्तर---------- हब्शी हलवा
हब्शी हलवे का लाइव किचन और पैक्ड स्वाद बनेगा आकर्षण
खानपान की धरोहर को सहेजने के लिए शुरू की गई ''एक जिला एक व्यंजन'' (ओडीओसी) योजना के अंतर्गत रामपुर का शाही हब्शी हलवा देशी-विदेशी मेहमानों के स्वाद की पहली पसंद बनेगा। ट्रेड शो के फूड जोन में जिले के दो नामचीन प्रतिष्ठानों को जिम्मेदारी दी गई है। मैसर्स शाही मिठास के संचालक रेहान खां पैकेज्ड फूड श्रेणी में हब्शी हलवे के आकर्षक पैक प्रदर्शित करेंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय बायर्स इसे आसानी से खरीद सकें। वहीं, मैसर्स हकीम जी स्वीट्स के संचालक सुहैल अख्तर खां ट्रेड शो परिसर में लाइव किचन का संचालन करेंगे। यहां आगंतुकों के सामने पारंपरिक भट्ठी पर हलवा तैयार कर रामपुर के नवाबी जायके और समृद्ध पाक-कला का सीधा अनुभव कराया जाएगा।
0000
कड़ाही में घंटों पकता है हब्शी हलवा, तभी आता है खास स्वाद
रामपुर का हब्शी हलवा अपनी अलग रंगत, लचक और स्वाद के लिए पहचाना जाता है। इसे तैयार करने में सामग्री से ज्यादा अहम इसकी पकाने की पारंपरिक प्रक्रिया मानी जाती है। हलवे के लिए मैदा या गेहूं के आटे का मिश्रण तैयार कर बड़ी कड़ाही में धीमी आंच पर पकाया जाता है। इसमें चीनी और घी को धीरे-धीरे मिलाया जाता है। मिश्रण को लगातार चलाते रहना पड़ता है, ताकि वह कड़ाही की तली में न लगे और एकसार पकता रहे। कारीगरों के अनुसार धीरे-धीरे पकने के साथ मिश्रण का रंग बदलकर गहरा भूरा होने लगता है। लगातार भूनने से इसमें चमक और खास लचक आती है। इसके बाद स्वाद और खुशबू के लिए इलायची तथा बादाम-काजू जैसे मेवे मिलाए जाते हैं। जब हलवा अच्छी तरह पककर कड़ाही छोड़ने लगे तो उसे ट्रे या थाली में निकालकर जमाया जाता है। ठंडा होने के बाद इसे टुकड़ों में काटकर पैक किया जाता है। हब्शी हलवे की खासियत उसकी पकाने की प्रक्रिया में मानी जाती है। मिश्रण को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाने के दौरान लगातार चलाया जाता है। इसी प्रक्रिया से हलवे में गहरा रंग, चमक और लचीली बनावट आती है।
0000
इको-फ्रेंडली क्राफ्ट, टेबल रनर और मेंथा के सजे अलग-अलग स्टॉल
उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव के अनुसार, प्रदर्शनी क्षेत्र में रामपुर की विविधता को दर्शाते हुए अन्य सेक्टरों के उद्यमियों को भी प्रमुख हॉलों में जगह मिली है। हॉल नंबर 10 में मैसर्स एजे हैंडीक्राफ्ट द्वारा पर्यावरण-अनुकूल ग्रास मैट और पारंपरिक कारपेट प्रदर्शित किए जाएंगे, जिनकी यूरोपीय देशों में भारी मांग रहती है। होम फर्निशिंग श्रेणी के तहत हॉल नंबर 14 में मैसर्स एमीगोज टेबल रनर के नए डिजाइन पेश करेंगे। वहीं, औद्योगिक और फार्मास्युटिकल सेक्टर में जिले की पहचान मैसर्स नीरू मेंथॉल को हॉल नंबर 15 में स्टॉल मिला है, जहां उच्च गुणवत्ता वाले मेंथा ऑयल और क्रिस्टल उत्पादों को वैश्विक केमिकल व एफएमसीजी कंपनियों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।

000000
यूपी ट्रेड फेयर का आयोजन 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में होने जा रहा है। इसके लिए जिले से सात उत्पादक ग्रेटर नोएडा जाएंगे, जहां वह अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर सकेंगे। यहां पर देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं। रामपुर के उत्पादों की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकेगी। -अनुराग यादव, उपायुक्त उद्योग
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed