भोट। नैनीताल हाईवे चौड़ीकरण का कार्य कर रही कार्यदायी संस्था के ओवरलोड वाहनों से जर्जर हो चुके संपर्क मार्ग में किसान की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने पर किसान भड़क गए। आक्रोशित जिसके बाद किसानों ने ग्रामीणों के साथ मौके पर एकत्र हो गए और एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
रामपुर काठगोदाम हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य कर रही कार्यदायी संस्था द्वारा थाना क्षेत्र के सनैया जट गांव के जंगल से मिट्टी उठाई जा रही है। किसानों के अनुसार ओवरलोड डंपरों से मिट्टी उठान करने से गांव को जाने वाला संपर्क मार्ग टूटकर जर्जर हो गया है। ओवरलोड डंपरों के चलने से मार्ग खराब होने पर ग्रामीणों ने एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कर लिंक मार्ग को सही कराए जाने की मांग की थी और अधिकारियों ने इसे सही कराने का आश्वासन भी दिया था। बुधवार सुबह जर्जर हो चुके मार्ग में एक किसान की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने पर किसान आक्रोशित हो गए और भाकियू अंबावता के जिला महासचिव लतीफ अहमद के नेतृत्व में आक्रोशित किसानों ने एनएचएआई के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। तहसील अध्यक्ष आरिफ अली ने कहा कि किसानों का शोषण किसी कीमत नहीं होने दिया जाएगा। कार्यदायी संस्था ने जल्दी ही सड़क का निर्माण नहीं किया तो रोड में मिट्टी से भरे डंपर नहीं निकलने दिए जाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में डॉक्टर दयाशंकर, गुड्डू नबी अहमद, मोहम्मद उमर, शाकिर अली, इरफान हुसैन, फिरासत अली, मोहम्मद हसन, नबी अहमद, डॉक्टर जयपाल, शमीम अहमद, फिरासत अली, खुर्शीद अहमद, हारून खान, शोएब अली, नजाकत अली, डॉक्टर अर्जुन सिंह, नन्हे, अकबर अली, शमशाद अली आदि शामिल रहे।