रामपुर। स्कूल के बच्चों से शौचालय की सफाई कराने का वीडियो वायरल होने के बाद अब बीएसए ने सक्रियता दिखाते हुए निलंबित प्रधानाध्यापिका का जवाब तलब किया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच नगर शिक्षाधिकारी को सौंप दी है। शिक्षिका का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला प्राथमिक विद्यालय पनवड़िया का है। मंगलवार को स्कूल का एक वीडियो वायरल हो गया था, जिसमें स्कूल के बच्चों से ही शौचालय साफ कराया जा रहा था। वीडियो में एक बच्चा शौचालय की सीट यानी भीतर की सफाई कर रहा था, जबकि दूसरा बच्च शौचालय के बाहर धुलाई कर रहा था। दोनों बच्चे स्कूल ड्रेस में ही थे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा महकमें में हड़कंप मच गया है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने स्कूल की निलंबित प्रधानाध्यापिका रजनीश कुमारी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। उन्होंने कहा है कि यह कृत्य न सिर्फ मानवाधिकारों के विपरीत है, बल्कि बेहद ही शर्मनाक एवं निंदनीय है। नि:शुल्क बाल शिक्षा अधिकारी अधिनियम 2009 का भी इस कृत्य से उल्लंघन हुआ है। बीएसए ने शिक्षिका से जवाब मांगने के साथ ही जांच नगर शिक्षाधिकारी को सौंप दी है। वहीं, जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने भी इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। यह जांच अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता को सौंपी गई है।