लाल खून का काला कारोबार: मुरादाबाद से दूसरे शहरों तक फैला नेटवर्क, 100 यूनिट रक्त पकड़े जाने से खुलासा
मुरादाबाद में रक्त की खरीद-फरोख्त और कालाबाजारी का मामला फिर सामने आया है। गोरखपुर में 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते में खून खरीदकर महंगे दाम पर बेचने की बात बताई। इससे पहले भी जरूरतमंदों से एक यूनिट खून के 12 हजार और प्लेटलेट्स के जंबो पैक के 25 हजार रुपये मांगने के मामले सामने आ चुके हैं। इससे शहर में सक्रिय दलालों के नेटवर्क पर सवाल खड़े हो गए हैं।
विस्तार
मरीज की सांसें बचाने के लिए जब परिजन खून की एक यूनिट के लिए दर-दर भटकते हैं, तब कुछ लोगों के लिए यही मजबूरी कमाई का जरिया बन जाती है। मुरादाबाद में लाल खून का काला कारोबार एक बार फिर चर्चा में है। कभी जरूरतमंदों से एक यूनिट रक्त के बदले 12 हजार रुपये मांगे जाते हैं तो कभी डेंगू के मरीजों के लिए प्लेटलेट्स का जंबो पैक 25 हजार रुपये में बेचने की पेशकश होती है।
अब मुरादाबाद से दूसरे शहरों तक खून की खेप पहुंचाकर महंगे दाम पर बेचने का मामला सामने आया है। गोरखपुर में 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते में खून खरीदकर दूसरे ब्लड बैंकों में ऊंचे दाम पर बेचने की बात बताई है।
इससे शहर में रक्त की खरीद-फरोख्त और दलालों के नेटवर्क पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों के परिजनों की मजबूरी का फायदा उठाने का यह पहला मामला नहीं है। अगस्त 2023 में अमर उजाला की पड़ताल में दो लोगों ने एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराने के लिए 12 हजार रुपये तक मांगे थे।
मामला सामने आने पर तत्कालीन सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने जांच बैठाई थी। निजी ब्लड बैंकों को निर्धारित शुल्क से अधिक रकम नहीं लेने और दलालों को परिसर में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस से भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया था।
सितंबर 2023 में डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच प्लेटलेट्स की कालाबाजारी का मामला सामने आया। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल ने ग्राहक बनकर फोन पर संपर्क किया तो एक व्यक्ति ने 25 हजार रुपये में प्लेटलेट्स का जंबो पैक उपलब्ध कराने की बात कही। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था।
सस्ते में खरीद, दूसरे शहरों में महंगे दाम पर बिक्री
अब गोरखपुर में पकड़ी गई खेप ने इस कारोबार का दूसरा पहलू उजागर किया है। रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने एक कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स बरामद कीं। इनमें 40 यूनिट पिछली सीट पर रखे गत्ते के डिब्बे और 60 यूनिट डिक्की में रखे थर्माकोल के डिब्बों से मिलीं।
कार में मुरादाबाद निवासी फहीम अहमद और ताज गुड्डू सवार थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से सस्ते दाम पर रक्त खरीदकर दूसरे ब्लड बैंकों में ऊंचे दाम पर बेचने की बात बताई। खेप गोरखपुर के आरोग्य ब्लड बैंक में पहुंचाई जानी थी।
न कोल्ड चेन न नियमों का पालन, न तारीखों का रिकॉर्ड
बरामद रक्त के परिवहन में निर्धारित कोल्ड चेन का पालन नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों पर कलेक्शन और एक्सपायरी की तारीख तक दर्ज नहीं थी। औषधि निरीक्षक ने नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए हैं। खून के दूषित होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस मामले में मुरादाबाद के औषधि विभाग ने भी जांच शुरू की है। आशियाना स्थित ब्लड बैंक के रिकॉर्ड खंगाले गए हैं, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है।
गोरखपुर में मुरादाबाद से ले जाए जा रहे 100 यूनिट ब्लड की बरामदगी का मामला सामने आया है। इसकी जांच की जा रही है। आशियाना स्थित ब्लड बैंक के रिकॉर्ड खंगाले गए हैं। अभी कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिल पाया है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। - पूरन चंद, डीएलए, मुरादाबाद