कांग्रेस को एक और झटका: स्वार-टांडा प्रत्याशी हैदर अली खां का अपना दल में जाना तय, पार्टी मुखिया से की मुलाकात
रामपुर में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के स्वार-टांडा विधानसभा सीट प्रत्याशी ने अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर पार्टी में शामिल होने के संकेत दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामपुर में चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यूसुफ अली के सपा में जाने के बाद अब कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के स्वार-टांडा विधानसभा सीट प्रत्याशी हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां ने अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर पार्टी में शामिल होने के संकेत दिए हैं। जिसको लेकर जिला स्तर पर भी दोपहर तक एलान हो जाएगा। वहीं उनके स्वार-टांडा सीट से भाजपा-अपना दल गठबंधन के प्रत्याशी बनाए जाने की भी पूरी संभावना है।
13 जनवरी को कांग्रेस ने किया था अपने प्रत्याशियों का एलान
कांग्रेस इन दिनों जिन हालातों से गुजर रही है, ऐसा कभी नहीं हुआ। स्थिति यह है कि कांग्रेस के प्रत्याशी टिकट मिलने के बाद भी दूसरे दलों में जा रहे हैं। जीत को सुनिश्चित करने और विधानसभा तक पहुंचने की ललक में कांग्रेस प्रत्याशी टिकट होने के बाद भी दल बदल रहे हैं। 13 जनवरी को कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों का एलान किया था। तब कांग्रेस ने चमरौआ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक यूसुफ अली को प्रत्याशी घोषित किया था, तो स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से हमजा मियां को प्रत्याशी बनाया था।
जबकि, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से संजय कपूर और शहर विधानसभा क्षेत्र से नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां को प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन, टिकट मिलने के 24 घंटे के भीतर ही चमरौआ प्रत्याशी यूूसुफ अली सपा में शामिल हो गए थे। यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका था। यूसुफ को उम्मीद थी कि सपा से उनको टिकट मिल जाएगा, लेकिन सपा ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया। जिसके बाद वे फिर से कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में आ गए हैं।
कांग्रेस की यह स्थिति संभली भी नहीं थी कि अब पार्टी को एक और झटका लगा है। दरअसल, स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हमजा मियां भी टिकट छोड़कर अपना दल में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बुधवार देर रात को अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल से मुलाकात की है। अपना दल के जिलाध्यक्ष चौधरी घनवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर तक रामपुर में हमजा मियां के पार्टी में शामिल होने का एलान अधिकारिक तौर पर कर दिया जाएगा।
हमजा के अलावा एक और पदाधिकारी ने दावेदारी की
इसके बाद हमजा मियां के भाजपा-अपना दल गठबंधन से प्रत्याशी बनने की पूरी उम्मीद है, हालांकि अपना दल जिलाध्यक्ष चौधरी घनवीर सिंह का कहना है कि हमजा मियां के अलावा एक और पदाधिकारी ने दावेदारी की है। ये पार्टी हाईकमान संगठन की रिपोर्ट पर तय करेगा कि किसे टिकट दिया जाए।