रामपुर। सिख समाज से रिटायर्ड जनरल गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाए जाने और पूर्व आईपीएस इकबाल सिंह को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रदेश सरकार में जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। साथ ही प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर उन्होंने गुरुद्वारे जाकर मत्था टेका और अरदास की।
राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख शुक्रवार की सुबह को सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचे और मत्था टेककर अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हाल ही में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को उत्तराखंड का राज्यपाल और पूर्व आईपीएस इकबाल सिंह को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। जिससे केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिख समाज का मान काफी बढ़ाया है। प्रधानमंत्री के गंभीर प्रयासों से काबुल में फंसे सिख समाज के लोग स्वदेश वापस आ सके। इससे सिख समाज खुश है और प्रधानमंत्री के इस फैसले पर आभार व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के 71 गुरुद्वारों में अरदास की जाएगी। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आकर मत्था टेका और अरदास की। अब प्रदेश के अन्य गुरुद्वारों में भी अरदास की जाएगी, जिले में भी मिलक-बिलासपुर स्थित गुरुद्वारों में अरदास करेंगे।