रामपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान यूनिटी डिग्री कॉलेज शिवनगर असालतपुर स्वार में गुरुवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेला में 500 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। जिसमें 97 लोगों का चयन किया गया।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी निशात अंसारी ने कहा कि अपने जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति तथा आजीविका के लिए सभी रूचि के अनुरूप रोजगार का चयन करें। निरंतर लक्ष्य बनाकर प्रयास करते रहें। मुख्य अतिथि सहायक निदेशक मंडल मुरादाबाद कमल किशोर ने अभ्यर्थियों से अपनी नियोक्ता कंपनी में पूर्ण उत्साह व लगन से कार्य करते हुए देश की आर्थिक उन्नति एवं प्रगति में सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया। मेला में विभिन्न सेक्टर की पांच कंपनियों ने हिस्सा लिया जिसमें टीडीएस मैनेजमेंट कन्सलटेंट लिमिटेड नोएडा द्वारा टेक्नीकल पदों पर 27 अभ्यर्थियों का चयन किया। सागर सिक्योरिटी मुरादाबाद ने सुरक्षा गार्ड के लिए 19 अभ्यर्थियों का चयन किया। भारतीय जीवन बीमा निगम रामपुर ने एडवाइजर पद पर सात अभ्यर्थियों का चयन किया। नॉर्मन ग्रीन ऑर्गेनिक लिमिटेड लखनऊ द्वारा एक्जीक्यूटिव पद पर 38 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। पुखराज हेल्थ केयर हल्द्वानी द्वारा वेलनेस एडवाइजर पद के लिए 13 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। प्राचार्य शाकिर खान, उप प्रचार्य डा. विनोद, ट्रस्टी श्रीमती खालिदा इदरीश खां, केंद्र सरकार के मॉडल कैरियर सेंटर जिला बिजनौर से आए ताईफ खान मौजूद रहे।