रायबरेली: राहुल गांधी के सवाल से गरमाई दिशा बैठक, मंत्री से हुई नोकझोंक, योजना के प्रचार का खर्च बना मुद्दा
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि इसका प्रचार बहुत है, लेकिन जमीन पर इसका असर दिखाई नहीं देता। उन्होंने जिले को मिले बजट की जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत 30 लाख रुपये मिले हैं, जिसमें 10 प्रतिशत राशि प्रचार पर खर्च होती है।
विस्तार
दिशा की बैठक में बुधवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के बजट को लेकर सवाल-जवाब के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने योजना पर तंज कसते हुए कहा कि इसका प्रचार बहुत है, लेकिन जमीन पर इसका असर दिखाई नहीं देता। उन्होंने जिले को मिले बजट की जानकारी मांगी। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत 30 लाख रुपये मिले हैं, जिसमें 10 प्रतिशत राशि प्रचार पर खर्च होती है। इस पर राहुल ने सवाल उठाया।
राहुल के सवालों के बीच प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह बोल पड़े कि यह आश्चर्य की बात है कि सांसद को केंद्रीय योजना के बारे में जानकारी नहीं है। मंत्री की टिप्पणी पर दिशा समिति के उपाध्यक्ष और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सांसद को किसी भी योजना के बारे में सवाल पूछने का अधिकार है। इसके बाद दोनों ओर से तीखे शब्दबाण चले। मामला बढ़ता देख राहुल गांधी ने हस्तक्षेप किया और दोनों को शांत कराया। उन्होंने मंत्री से कहा कि उनसे समझने में भूल हुई है। इसके बाद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ी।
ये भी पढ़ें - राजभर का अखिलेश पर तंज, बोले- वो रोज बदलते हैं फॉर्मूला, नीला रंग अपनाने से दलित वोट नहीं मिलने वाला
ये भी पढ़ें - यूपी मौसम: मानसून ने बदली चाल, भारी बारिश पर लगा ब्रेक; अब गर्मी और उमस करेगी परेशान, जानें अगले 7 दिन का हाल
बछरावां वियायक ने सुदौली मार्ग का उठाया मामला
बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती ने विधानसभा क्षेत्र के सुदौली मार्ग का मामला बैठक में उठाया। उन्होंने बताया कि नियम 51 के तहत विधानसभा में इस सड़क को लेकर प्रश्न किया था। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने पत्र भेजकर बताया था कि सड़क का एक हिस्सा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में आता है। विधायक ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिशासी अभियंता ने मंत्री को भेजे पत्र में इस जानकारी को गलत ठहराने का प्रयास किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राहुल गांधी ने जिले की सड़कों का मैप तैयार कराने के निर्देश दिए।
सपाइयों ने उठाए सवाल, जब सुधार नहीं तो बैठक का क्या मतलब
इसके पहले, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की दिशा की बैठक से पहले बुधवार को रायबरेली में सपा विधायकों ने प्रदर्शन किया। बैठक शुरू होने से पहले सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने पोस्टर-बैनर लहराते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सपा विधायकों ने सवाल उठाया कि जब लोगों की समस्याएं जस की तस हैं तो दिशा की बैठक का क्या औचित्य है।
राहुल गांधी के पहुंचने से पहले पुलिस ने विधायकों से पोस्टर छीन लिए। बैठक में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी का डीएम सरनीत कौर और एसपी रवि कुमार ने स्वागत किया। बैठक के दौरान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे राहुल गांधी के अगल-बगल बैठे नजर आए।