{"_id":"129-46816","slug":"Raebareli-46816-129","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोहे के जाल से लटका मिला शव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लोहे के जाल से लटका मिला शव
Raebareli
Updated Sat, 17 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक रिटायर्ड रेलवे कर्मी के बेटे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव बेल्ट के सहारे लोहे के जाल से लटकता पाए जाने से हड़कंप मच गया। जिस तरह शव लटकता मिला, उससे लगता है कि उसकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस मामले को आत्महत्या बता रही है। पुलिस के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी निवासी एवं रिटायर्ड रेलवे कर्मी देवेंद्र प्रताप सिंह का बेटा सोनू सिंह (23) रेलवे स्टेशन के पार्सल में दिहाड़ी श्रमिक था। शुक्रवार की दोपहर बाद सोनू का शव घर के अंदर बेल्ट के सहारे लोहे की जाल से संदिग्ध हालात में लटकता मिलने से हड़कंप मच गया। पिता ने बेटे की लाश देखी तो घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाल एसपी द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। खास बात ये है कि मृतक के पैर जमीन पर छू रहे थे। इससे सवाल उठता है कि यदि उसने फांसी लगाई, तो उसके पैर जमीन पर कैसे रखे थे। कुछ लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं, लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही है। सदर कोतवाल का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत की सच्चाई सामने आ जाएगी।
विज्ञापन