Pratapgarh: भाजपा नेता व चेयरमैन प्रतिनिधि समर्थकों के विवाद की दूसरे दिन भी होती रही जांच
नगर पंचायत पृथ्वीगंज कार्यालय के बाहर शुक्रवार को हुए विवाद की दूसरे दिन भी पुलिस जांच करती रही। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विस्तार
नगर पंचायत पृथ्वीगंज कार्यालय के बाहर शुक्रवार को हुए विवाद की दूसरे दिन भी पुलिस जांच करती रही। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अभी पुलिस की ओर से घटना की हकीकत तक पहुंचने के लिए साक्ष्य संकलित करने की बात कही जा रही है।
शासन के आदेश पर शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय पर माता अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले ही बवाल में तब्दील हो गया। भाजपा नेता व पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा के समर्थकों और चेयरमैन प्रतिनिधि संजय सरोज के समर्थकों के बीच मारपीट हुई। वाराणसी- लखनऊ राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। हालांकि माहौल तनावपूर्ण होने पर पूर्व विधायक के सुरक्षाकर्मी उन्हें लेकर चले गए। तीन थानों व पीएसी के साथ पहुंचे सीओ सिटी शिव नारायण वैश ने घटना की छानबीन की।
पूर्व विधायक के छह समर्थकों का पुलिस ने मेडिकल भी कराया। घटना के सिलसिले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। जिसकी पुलिस दूसरे दिन भी छानबीन करती रही। सूत्रों के अनुसार पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी से फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। शनिवार को कार्यालय खुला जरूर था लेकिन सन्नाटा पसरा रहा। कर्मचारी अपने चैंबर में काम-काज निपटाते रहे। शुक्रवार को हुई घटना का असर उनके चेहरों पर नजर आया। सीओ सिटी शिवनारायण वैश ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। अभी घटना से जुड़े साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।