प्रतापगढ़ में अखिलेश बोले : चौथे चरण के बाद ठंडे पड़ गए गर्मी निकालने वाले बाबा मुख्यमंत्री
कुंडा विधानसभा के छेवंगा बूढ़ेपुर में सपा प्रत्याशी गुलशन यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि यह विधायक के साथ सरकार बनाने का चुनाव है। मुख्यमंत्री का चुनाव है।
विस्तार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कुंडा, सदर और विश्वनाथगंज में आयोजित जनसभा में भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी के नेता झूठ बोल रहे हैं। बड़ा नेता बड़ा झूठ, छोटा नेता छोटा झूठ और जो सबसे बड़े नेता हैं वो सबसे बड़ा झूठ बोल रहे हैं। चौथे चरण के चुनाव के बाद गर्मी निकालने की बात कहने वाले बाबा मुख्यमंत्री ठंडे पड़ गए हैं। कुंडा के लोगों का समर्थन देख उनकी भाप निकल जाएगी। जनता ने भाजपा नेताओं की खटिया खड़ी कर दी है तो उनके बयान भी घटिया आ रहे हैं।
कुंडा विधानसभा के छेवंगा बूढ़ेपुर में सपा प्रत्याशी गुलशन यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि यह विधायक के साथ सरकार बनाने का चुनाव है। मुख्यमंत्री का चुनाव है। हम अपने लिए भी वोट मांगने आए हैं। सपा की सरकार बनने पर बीएड-टीईटी वाले समायोजित किए जाएंगे। बीपीएड और शिक्षामित्रों की भी मदद की जाएगी। हमारे नौजवान रात में खेतों की रखवाली कर रहे हैं और सुबह उठकर दौड़ लगाते हैं।
उन्हें मिलेट्री और पुलिस में भर्ती के लिए मदद की जाएगी। प्रदेश में खाली पड़े 11 लाख पदों को भरा जाएगा। भाजपा सरकार ने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी की जाएगी, लेकिन उन्हें खाद-बीज और फसलों की सही कीमत भी नहीं मिली। बाबा मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि लैपटॉप और स्मार्टफोन बांट रहे हैं। किसी को भी स्मार्टफोन और लैपटॉप मिला। बीजेपी के एक बड़े नेता का भाषण सुनकर लोग लोटपोट हो जा रहे हैं। वह बारहवीं के बाद इंटर पास करा रहे हैं। चारों तरफ छुट्टा जानवर घूम रहे हैं।
डीजल-पेट्रोल महंगा होने से खड़ी हो परेशानी बढ़ गई है
सीएम का पसंदीदा जानवर सांड़ लोगों को टक्कर मार रहा है। विश्वनाथगंज विधानसभा के सरियापुर जेठवारा में प्रत्याशी सौरभ सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में अखिलेश ने कहा कि भाजपा वालों ने कहा था हवाई चप्पल पहनने वालों को भी हवाई सफर कराएंगे। हवाई सफर तो दूर डीजल-पेट्रोल महंगा होने से गरीबों की गाड़ी भी नहीं चल पा रही है। सरकार अमीरों की तिजोरी भर रही है।
नौकरी न देनी पड़े इसलिए रेल, हवाई जहाज, कंपनी सब बेच दे रहे हैं। न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी। भाजपा सरकार ने महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ाया। नौकरियां छीनीं। दवा न दे पाए। मजदूरों को पैदल चलाया। सरकार ने जब से नंबर सौ से 112 किया तब से पुलिस भी बर्बाद और कबाड़ हो गई।
मंदाह में सदर विधानसभा से सपा-अद क गठबंधन की प्रत्याशी कृष्णा पटेल और पट्टी से सपा प्रत्याशी राम सिंह पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा में अखिलेश ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई बढ़ी है। यूपी को बर्बाद करने वालों को सबक सिखाओ। साइकिल किसानों, नौजवानों, मजदूरों सबकी है। अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनी तो तीन महीने के अंदर जातीय जनगणना कराई जाएगी। कोरोना के चलते कई युवाओं की उम्र नौकरियों के लिए बीत गई है। सरकार बनी तो उम्र में भी छूट देंगे।
सपा की सरकार बनी तो पांच साल फ्री राशन
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि ये भाजपा वाले मार्च तक मुफ्त राशन दे रहे हैं। सपा की सरकार बनी तो पांच साल तक फ्री राशन देंगे। राशन के साथ एक लीटर तेल, एक किलो का दूध के डिब्बे का पावडर और एक लीटर घी भी देंगे। महंगाई के चलते गरीबों का मुंह मीठा नहीं हुआ है। उन्हें चीनी भी देंगे।
गाना सुना...यूपी में का बा...बाय-बाय बाबा बा
अखिलेश ने कहा, गाना सुना, यूपी में का बा..। जनता ने कह दिया बाय-बाय बाबा बा। मदद करिए, प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाइए।