Pilibhit News: शादी समारोह में डीजे पर डांस के दौरान फायरिंग, युवक की गर्दन के नीचे लगी गोली, हालत नाजुक
पीलीभीत में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने के दौरान एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे गोली लगने से दूसरा युवक घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से भाग गया। घायल के भाई ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में डीजे पर डांस करने के दौरान तमंचे से फायरिंग करने के दौरान गांव सुआबोझ निवासी जगतवीर गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसके गले के नीचे लगी। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन ने उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल के भाई राकेश की ओर से फायरिंग करने के आरोपी मोहल्ला कायस्थान निवासी रजत राठौर के खिलाफ जानलेवा हमला की रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर में बुधवार की रात करीब 10 बजे की है। गांव के रामनाथ की पुत्री की शादी थी। द्वारचार की रस्म के दौरान लोग डीजे पर डांस कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान मोहल्ला कायस्थान के रजत ने डांस के दौरान तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। इससे गांव सुआबोझ निवासी जगतवीर के गले के नीचे गोली लग गई और वह घायल हो गया। घटना से बरातियों और घरातियों में अफरा-तफरी मच गई। कई घराती-बराती मौके से खिसक गए। इस बीच आरोपी मौके से भाग गया।
चिकित्सक ने ऑपरेशन कर निकाली गोली
लहूलुहान जगतवीर को सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां ऑपरेशन के बाद उसकी पीठ के समीप फंसी गोली को बाहर निकाला गया। कोतवाल पवन पांडेय ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। घायल के भाई राकेश कुमार ने आरोपी रजत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राकेश ने रिपोर्ट में बताया है कि वह अपने भाई जगतवीर और अन्य परिजन के साथ गांव रामपुर ताल्लुके महाराजपुर में रामनाथ की पुत्री की शादी में शामिल होने गए थे। डीजे पर उसका भाई और मोहल्ला कायस्थान का रजत और अन्य कई लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान रजत ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी थी। पूरनपुर कोतवाल पवन पांडेय का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
औपचारिकता से पूरी हुईं शादी की रस्में
घटना के बाद शादी की रस्मों की औपचारिकता पूरी की गई। घटना के कुछ घंटे बाद ही दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास शुरू हो गए। इसको लेकर घंटों बाद पुलिस को घटना की तहरीर दी गई।