Pilibhit News: रोहतक में बीसलपुर के युवक की संदिग्ध हालात में मौत, शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
पीलीभीत के बीसलपुर निवासी युवक की हरियाणा के रोहतक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मंगलवार को घर लाया गया तो परिवार में कोहराम मच गया। रोहतक पुलिस इसे हादसा मान रही है, जबकि परिजन चोटों के निशान होने का दावा कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर नगर के मोहल्ला दुबे निवासी 34 वर्षीय युवक की हरियाणा के रोहतक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव 16 अगस्त की शाम रेलवे लाइन के पास मिला था। स्थानीय पुलिस ने शर्ट की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त की। रोहतक पुलिस प्रथमदृष्टया मौत को हादसा मान रही है। हालांकि परिजनों का कहना है कि युवक के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी परिजनों को प्राप्त नहीं हुई है।
मोहल्ला दुबे निवासी श्रवण कुमार ने बताया कि उनके भाई वेद प्रकाश काफी समय से हरियाणा के रोहतक शहर में एक व्यापारी की दुकान पर नौकरी करते थे। वह पत्नी और बच्चों के साथ रोहतक में ही किराये के मकान में रह रहे थे। 16 अगस्त की शाम रोहतक पुलिस ने रेलवे लाइन के पास वेद प्रकाश का शव बरामद किया। तलाशी के दौरान शर्ट की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान हुई। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी तो परिवार के लोग रोहतक के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में सनसनीखेज वारदात: सिगरेट उधार न देने पर बुजुर्ग दुकानदार की हत्या, पत्नी-बहू और दो बच्चियां घायल
शव पहुंचते परिवार में मचा कोहराम
श्रवण कुमार के अनुसार रोहतक पुलिस ने 17 अगस्त की शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद 18 अगस्त की देर शाम शव बीसलपुर स्थित घर लाया गया। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह गमगीन माहौल में परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भाई श्रवण कुमार, कमल कुमार, नितिन कुमार, गंगा प्रकाश, बहन गणेशा देवी, रानी देवी, उजाला देवी, धनदेवी और डोली देवी समेत पत्नी रेशमा देवी और बच्चों निहाल व कुनाल का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
श्रवण कुमार ने बताया कि अंतिम संस्कार से पहले वेद प्रकाश के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। इस कारण परिवार के लोगों के मन में उसकी मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी उन्हें नहीं मिल सकी है। रोहतक पुलिस की ओर से उन्हें बताया गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट उनके मोबाइल फोन पर भेज दी जाएगी।
परिजनों के मुताबिक रोहतक पुलिस फिलहाल मामले को हादसा मानकर चल रही है। श्रवण कुमार ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में रोहतक पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी है। उधर, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर मोहल्ले और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। परिजन अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।