उपेंद्र आत्महत्या प्रकरण: पीड़ित परिवार से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल, हर संभव मदद करने का दिया आश्वासन
सपा के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को बीसलपुर में आत्महत्या करने वाले उपेंद्र शंखधर के परिजनों से मुलाकात की। उपेंद्र ने 13 जुलाई को उत्पीड़न से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दे दी थी। उनके भाई ने पांच लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में आत्महत्या करने वाले नगर पालिका परिषद के बर्खास्त कर्मचारी उपेंद्र शंखधर के परिजनों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों को मदद करने का आश्वासन दिया।
उपेंद्र शंखधर ने उत्पीड़न से परेशान होकर 13 जुलाई को अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के भाई अनुराग शर्मा ने इस संबंध में आत्महत्या करने के लिए प्रेरित करने के आरोप में कोतवाली में पांच लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सपा के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मृतक के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उनसे पूरे मामले की विस्तार से जानकारी ली और पार्टी स्तर से उनकी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे ये नेता
प्रतिनिधिमंडल में सपा जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, लखनऊ से आए पूर्व एमएलसी शशांक यादव, शाहजहांपुर के पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद, पूर्व मंत्री अनीस अहमद खान उर्फ फूलबाबू, पूर्व एमएलसी अमित यादव रिंकू, सपा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय सचिव दिव्या गंगवार और सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शैलेश शर्मा शामिल थे।
परिजनों से मुलाकात करने के बाद प्रतिनिधिमंडल के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मामले की जानकारी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जाएगी। पार्टी स्तर से पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे।