पीलीभीत। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की तरफ से आयोजित 26वीं प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग का खिताब गौतमबुद्ध नगर और बालक वर्ग का खिताब गोरखपुर ने जीता। विजेता और उप विजेताओं को एसपी दिनेश कुमार पी ने विजेताओं को मेडल दिए।
बुधवार देर शाम को बालक वर्ग के हुए सेमीफाइनल में लखनऊ ब्वॉयज ने गौतमबुद्ध नगर को 57-44 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। दूसरे सेमीफाइनल में गोरखपुर ने आगरा को 54-44 से हराया था। बृहस्पतिवार को बालक और बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले बालिका वर्ग का फाइनल हुआ। इसमें गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद की टीम आमने सामने थी। मुकाबला एकतरफा रहा। गौतमबुद्ध नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद को 40-04 के अंतर से करारी शिकस्त दी।
गौतमबुद्ध नगर की माही त्रिपाठी ने सबसे ज्यादा 14 प्वाइंट का स्कोर किया। इसके बाद बालक वर्ग का फाइनल गोरखपुर और लखनऊ के बीच हुआ। पहले और दूसरे हाफ में बराबर की टक्कर रही लेकिन बाद में गोरखपुर की टीम मैच में हावी हो गई और मुकाबला 61-32 के अंतर से अपने नाम किया। गोरखपुर के हर्षित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 प्वाइंट अर्जित किए। एसपी दिनेश कुमार पी ने विजेता और उपविजेता टीम को शुभकामनाएं दीं। मेडल प्रदान किए।

पीलीभीत में बास्केट बॉल की विजेता बालक वर्ग की टीम। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी के साथ। संवाद- फोटो : PILIBHIT