मालिक ने ही चुरा लिया अपना ट्रक: मेरठ के व्यापारी की 250 कुंतल सरिया हड़पने की थी साजिश, दो गिरफ्तार
मेरठ के व्यापारी की 250 कुंतल सरिया से भरा ट्रक लूटा नहीं गया था बल्कि ट्रक मालिक ने ही उसमें लदे 16 लाख रुपये के माल को हड़पने की साजिश रची थी। उसने खुद ही अपनी ट्रक चोरी कर लिया था। पुलिस ने ट्रक मालिक समेत दो को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
विस्तार
मेरठ के व्यापारी की 250 कुंतल सरिया से भरा लापता हुआ ट्रक पीलीभीत पुलिस ने बरामद कर लिया है। ट्रक मालिक ने अपने परिचित के साथ मिलकर ही सरिया को हड़पने की साजिश रची थी। शुक्रवार को एसओजी और पूरनपुर पुलिस की टीम ने ट्रक मालिक को पकड़ लिया। वही ट्रक चला रहा था। इसके बाद ट्रक को भी बरामद कर लिया गया। ट्रक मालिक और उसके परिचित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसपी अतुल शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में घटना का पर्दाफाश किया।
मुजफ्फरनगर के कोतवाली थाने के मेरठ रोड निवासी विनय कुमार मित्तल ने बुधवार को पूरनपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 250 कुंतल सरिया लदा ट्रक जांलधर से लखीमपुर जा रहा था। दो दिन पूर्व चालक रुद्रपुर के जयनगर निवासी मलकीत सिंह ट्रक के साथ लापता हो गया। फोन पर भी उससे संपर्क नहीं हो सका। ट्रक में लदे सरिया की कीमत 16 लाख रुपये बताई गई है। रिपोर्ट दर्ज कर अफसरों के निर्देश पर पूरनपुर पुलिस ने चालक और ट्रक की खोजबीन शुरू की।
चालक की निशानदेही पर ट्रक बरामद
एसपी ने पूरनपुर पुलिस के अलावा एसओजी को भी लगाया। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर एसओजी की टीम ने ट्रक के मालिक, जो चालक भी है उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर चालक ने ट्रक को अपने परिचित पंतनगर थाने के डिवाइन सिटी फेस निवासी शिशिर हलधर की मदद से छिपाने की बात कही। चालक की निशानदेही पर पुलिस और एसओजी की टीम ने ट्रक को बरामद कर लिया। झूठी कहानी रचने में साथ देने वाले परिचित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।