पूरनपुर। गांव मुझा में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर धार्मिक स्थल का निर्माण कराने के आरोप पर तहसील परिसर में पहुंचे लोगों ने एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लेखपाल के पति और हल्का दरोगा पर धार्मिक स्थल का निर्माण कराने में सहयोग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई।
जिला पंचायत सदस्य के पुत्र संजय खान के नेतृत्व में शुक्रवार शाम को गांव मुझा के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि गांव मुस्लिम बहुल है। गांव में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर नई परंपरा डालकर कुछ लोग धार्मिक स्थल का निर्माण कर रहे हैं। आरोप है कि हल्का लेखपाल के पति और हल्का दरोगा ने जमीन पर अवैध कब्जा कराया है। धार्मिक स्थल के नाम गांव में कोई जमीन नहीं है। ज्ञापन देने वालों में अरबाज खां, तसलीम खां, फिरोज आदि शामिल रहे।