ससुराल में सितम: देवर ने विवाहिता से किया दुष्कर्म, ससुर ने भी पार की हद, मुकदमा दर्ज
विवाहिता की शादी जून 2020 में बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ महीनों के बाद ससुरालवाले दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे।
विस्तार
पीलीभीत के बीसलपुर में एक महिला ने अपने देवर पर दुष्कर्म और ससुर पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करते हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़खानी और गाली गलौज के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
विवाहिता ने बताया कि उसका विवाह 26 जून 2020 को बरेली जिले के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के युवक से हुआ था। विवाह में पांच लाख रुपये और कार न मिलने से क्षुब्ध होकर ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करने लगे। दोनों पक्षों में कई बार समझौते के प्रयास हुए लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
ससुरालवालों ने घर से निकाला
आरोप है कि इस बीच देवर ने डरा धमका कर उससे दुष्कर्म किया। ससुर ने भी छेड़खानी की। मार्च में ससुराल वालों ने उसके सारे जेवर छीनकर घर से निकाल दिया। 29 अक्तूबर को ससुराल वाले कार से मायके आए और उसका अपहरण करने का प्रयास किया।
विवाहिता ने उसी समय कोतवाली में नामजद तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।