फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   Girlfriend killed driver and set truck on fire following a dispute over ending the relationship.

Pilibhit News: संबंध खत्म करने के विवाद में प्रेमिका ने चालक की हत्या कर ट्रक में लगाई थी आग

Wed, 19 Aug 2026 12:29 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Wed, 19 Aug 2026 12:29 AM IST
विज्ञापन
Girlfriend killed driver and set truck on fire following a dispute over ending the relationship.
गिरफ्तार ट्रक चालक की हत्यारोपियन प्रेमिका- पुलिस
पूरनपुर। असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक चालक बलजिंदर सिंह की जलकर हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध खत्म करने को लेकर हुए विवाद में उसकी प्रेमिका रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र निवासी अमनदीप कौर ने ट्रक में ही लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया था। बलजिंदर के बेहोश होने के बाद अमनदीप ने घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रक की केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह हाईवे से गुजर रहे एक वाहन में बैठकर अपने मायके चली गई।
विज्ञापन

पुलिस ने आरोपी अमनदीप कौर उर्फ अमना को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और डीजल रखने वाली खाली प्लास्टिक की पिपिया बरामद की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
विज्ञापन

एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि जनपद रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र के गांव बड़ा बोसेना निवासी बलजिंदर सिंह रुद्रपुर उत्तराखंड से फोम लदा ट्रक लेकर नेपाल बॉर्डर ले जा रहा था। बीते 10 जुलाई को कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र के हरदोई ब्रांच नहर पुल के पास ट्रक की केबिन में उसका जला हुआ शव मिला था। पोस्टमाॅर्टम में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई थी। विसरा सुरक्षित किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

शुरुआत में पुलिस घटना को हादसा मानकर जांच कर रही थी, लेकिन परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे थे। बलजिंदर के परिजनों ने घटना से पहले की सीसी फुटेज जुटाकर पुलिस को उपलब्ध कराई। इसके बाद मामले की जांच ने नया मोड़ लिया। घटना के 14 दिन बाद बलजिंदर के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने सीसी फुटेज खंगाली तो सामने आया कि ट्रक गुरुद्वारे से निकलने के करीब एक घंटे बाद लगभग एक किलोमीटर दूर आग की चपेट में आया था। इसके बाद बलजिंदर के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली गई। जांच में एक महिला से उसकी कई बार बातचीत सामने आई। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो घटना का राज खुल गया। संवाद
---------
तीन साल से था प्रेम संबंध, पीछा छुड़ाना चाहती थी आरोपी
पुलिस के अनुसार, बलजिंदर सिंह और अमनदीप कौर के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध थे। अमनदीप संबंध खत्म करना चाहती थी, जबकि बलजिंदर उस पर संबंध बनाए रखने का दबाव बना रहा था। इसी विवाद के चलते अमनदीप ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। अमनदीप का मायका पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में है। घटना से पहले वह मायके आ गई थी। उसने परिजनों को सहेली से मिलने पूरनपुर जाने की बात बताई और वहां से घटना स्थल पर पहुंच गई। ट्रक के वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच केबिन में विवाद हुआ। इसी दौरान अमनदीप ने केबिन में रखी लोहे की रॉड से बलजिंदर के सिर पर वार कर दिया।

----------------
परिवार के शक और दूसरे मोबाइल नंबर से खुला बलविंदर की हत्या का राज
- दूसरे नंबर की कॉल डिटेल ने खोली हत्या की परतें, घटनास्थल के आसपास मिली लोकेशन से पुलिस पहुंची आरोपी तक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। ट्रक के केबिन में आग लगने से चालक बलविंदर की जलकर हुई मौत को पुलिस और अग्निशमन विभाग ने शुरुआत में हादसा माना था। हालांकि, मृतक के परिवार को घटना की परिस्थितियों पर शक था। परिजनों ने पुलिस से हत्या की आशंका जताते हुए गहन जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले की नए सिरे से पड़ताल शुरू की तो हादसा समझी जा रही घटना के पीछे हत्या की कहानी सामने आ गई।
पुलिस ने सबसे पहले मृतक के बारे में अन्य जानकारियां जुटाईं और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। पहले मोबाइल नंबर से जांच में कोई खास सुराग नहीं मिला। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए जब उसके बारे में और जानकारी जुटाई तो पता चला कि बलविंदर एक दूसरे मोबाइल नंबर का भी इस्तेमाल करता था। इसके बाद पुलिस ने उस नंबर की भी कॉल डिटेल निकलवाई।
दूसरे नंबर की कॉल डिटेल में एक नंबर से नियमित और काफी अधिक बातचीत होने की बात सामने आई। पुलिस ने संबंधित नंबर को ट्रेस किया तो घटना वाले दिन और घटना स्थल के आसपास उसकी लोकेशन मिलने की जानकारी सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस दूसरे मोबाइल नंबर के जरिए रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के बड़ा बरसाना गांव निवासी अमनदीप कौर उर्फ अमना पत्नी सुखविंदर सिंह तक पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्तमान में उत्तराखंड में रुद्रपुर के पास सोढ़ी कॉलोनी में रह रही थी। पूछताछ के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तथ्यों को जोड़कर मामले की कड़ियां जोड़ीं।

एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर जांच की मांग की थी। इसके बाद तीन टीमों को लगाकर जांच कराई गई। गहनता से जांच के बाद सामने आए तथ्यों से घटना की हकीकत सामने आई और पुलिस ने सफल खुलासा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed