Pilibhit News: न्यायालय परिसर से फिल्मी अंदाज में गैंगस्टर फरार, शौचालय के अंदर गया और 'गायब'
गैंगस्टर एक्ट के आरोपी सचिन को दरोगा और दो सिपाहियों की अभिरक्षा में पेशा पर लाया गया था। वह बहाना कर शौचालय में गया और खिड़की तोड़कर पाइप से उतरकर भाग गया। पुलिसकर्मी बाहर ही खड़े रहे।
विस्तार
पीलीभीत में सोमवार को न्यायालय में पेशी को लाया गया गैंगस्टर एक्ट का आरोपी सचिन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जानकारी होने के बाद पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। सूचना के बाद एएसपी अनिल कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। आरोपी की तलाश के लिए चार थानों की पुलिस को लगाया गया है। जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग कराई जा रही है।
इंस्पेक्टर बीसलपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि बीसलपुर क्षेत्र के गांव गोवल निवासी सचिन पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। उस पर चोरी का प्रयास समेत चार मुकदमे हैं। गैंगस्टर के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था। सोमवार सुबह बीसलपुर पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद चार बजे उसे अदालत में लाया गया।
दरोगा और दो सिपाही थे अभिरक्षा में
बीसलपुर कोतवाली के दो सिपाही व एक दरोगा की अभिरक्षा में सचिन को न्यायालय में लाया गया था। रिमांड के लिए वह अदालत के बाहर बरामदे में खड़ा था। इसी दौरान सचिन ने शौच को जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने अदालत के शौचालय में जाने की अनुमति दी। पुलिसकर्मी शौचालय के बाहर खड़े रहे। काफी देर तक जब सचिन नहीं निकला तो पुलिस कर्मियों ने उसे आवाज दी।
अंदर से कोई जवाब न आने पर पुलिसकर्मियों ने शौचालय का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर देखा तो सचिन गायब था। वह शौचालय की खिड़की तोड़कर पाइप के जरिए नीचे उतरकर भाग गया। गैंगस्टर के आरेपी के न्यायालय परिसर से भाग जाने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई।
गैंगस्टर की तलाश में जुटी पुलिस
एएसपी अनिल कुमार यादव तत्काल न्यायालय पहुंचे। पुलिसकर्मियों से जानकारी जुटाई। उन्होंने आरोपी की तलाश के लिए चार थानों की पुलिस को अलग-अलग दिशा में भेजा। पुलिस लाइन से भी फोर्स को बुलवा लिया गया। कचहरी का चप्पा-चप्पा छान मारा लेकिन सचिन का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस उसे तलाश कर रही है।
एएसपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। लापरवाह पुलिस कर्मियों पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।