Pilibhit News: अधिवक्ता और एलएलबी की छात्रा पर तेजाब फेंकने वालों की तलाश तेज, रिपोर्ट दर्ज
गजरौला पुलिस ने पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर बाइक सवार दो अज्ञात लोगों के खिलाफ तेजाब फेंकने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी के निर्देश पर एसओजी समेत चार टीमें जांच में जुटी हैं।
विस्तार
पीलीभीत में अधिवक्ता और एलएलबी की छात्रा पर तेजाब फेंकने के मामले में मंगलवार देर रात गजरौला पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस की चार टीमें सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। छात्रा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम संजय कुमार सिंह, एसपी अविनाश पांडेय ने सीएमओ डॉ आलोक शर्मा के साथ अस्पताल पहुंचकर मुंशी का हाल जाना।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर रिछौला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत कचहरी से काम निपटाकर घर लौट रहे माधोटांडा क्षेत्र के रम्पुरा फकीरे गांव निवासी अधिवक्ता ओमप्रकाश वर्मा और मुंशी का कार्य कर रही गांव की ही एलएलबी की छात्रा पिंकी पाल पर दो बाइक सवारों ने अचानक पीछे से आकर तेजाब फेंक दिया था।
झुलसी अवस्था में पहुंचे थे अस्पताल
घटना में अधिवक्ता और मुंशी झुलस गए थे। किसी तरह दोनों ने जंगल किनारे खाई में भरे पानी से शरीर को साफ किया था। इसके बाद खुद ही जिला अस्पताल पहुंचे थे। घटना की जानकारी के बाद एसपी ने अस्पताल पहुंचकर अधिवक्ता व मुंशी का हाल जाना और जानकारी जुटाई थी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है तो तेजाब क्यों फेंका गया यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, पीड़ित अधिवक्ता को मंगलवार शाम उपचार के बाद घर भेज दिया, जबकि मुंशी को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि टीमें लगातार कार्य कर रहीं है। घटना में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
तेजाब की धड़ल्ले से हो रही बिक्री, घटना के बाद जागे अफसर
पाबंदी के बीच जिले भर में तेजाब की खुलेआम बिक्री की जा रही है। 80 से 100 रुपये लीटर तक तेजाब बेचा जा रहा है। अधिकतर ऐसी दुकानें हैं जिनके पास लाइसेंस नहीं है। मंगलवार को तेजाब फेंकने की घटना के बाद जिला प्रशासन गंभीर हुआ। अब तेजाब बेचने वालों की जांच की बात कही जा रही है। इसको लेकर डीएम ने निर्देश भी जारी किए हैं।
डीएम संजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले भर में तेजाब की बिक्री करने वालों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। लाइसेंस समेत अन्य बिंदुओं को जांच के दायरे में शामिल करने की हिदायत दी गई है।
अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर की नारेबाजी
अधिवक्ता और मुंशी पर तेजाब फेंकने की घटना को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं में रोष देखने को मिला। हड़ताल के बाद एकत्र हुए अधिवक्ताओं ने कलक्ट्रेट और जजी परिसर में जुलूस निकालकर नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू कराने की मांग की।
पीड़िता से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल बुधवार को निजी अस्पताल में भर्ती पीड़िता से मिला। इस दौरान पीड़िता का हाल जानने के बाद जानकारी जुटाई। हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। इस मौके पर जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्र कट्टर, बालक रामसागर, अमित पाठक आदि मौजूद रहे।