{"_id":"e0697e1f7b7ab24f19a02e3fc8b51d2a","slug":"in-pandri-assault-firing-four-injured-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंडरी में मारपीट, फायरिंग, चार घायल","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पंडरी में मारपीट, फायरिंग, चार घायल
Nuria
Updated Tue, 11 Aug 2015 10:45 PM IST
विज्ञापन
गांव पंडरी में मंगलवार को नाली को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की पिटाई की और लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली लगने से महेंद्र सिंह और पिटाई से उसके पिता भरत सिंह, मां कैकेई देवी और बहन वसुंधरा देवी घायल हो गईं। हालत गंभीर होने पर महेंद्र सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के पिता भरत सिंह की ओर से पांच लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने घायल हुए आरोपी पक्ष के तेजपाल को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
गांव पंडरी समग्र ग्राम घोषित है। गांव में सीसी रोड व नाली निर्माण का कार्य पखवाड़े भर से चल रहा है। गांव निवासी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि गांव निवासी वीरेंद्र सिंह के पानी का निकास घर से पश्चिम की ओर था, लेकिन वीरेंद्र नाली उसके घर के सामने से पूरब दिशा में निकलवाना चाहते थे। इसी बात को लेकर सोमवार को वीरेंद्र सिंह से विवाद हो गया था। उस समय सड़क का निर्माण करा रहे ठेकेदार ने समझा बुझाकर शांत करा दिया था।
विज्ञापन
मगर मंगलवार की सुबह जब नाली निर्माण का कार्य शुरू हुआ तो वीरेंद्र ने नाली बनने पर रोक लगा दी। इसी बात को लेकर का झगड़ा हो गया। इससे गुस्साए वीरेंद्र और उसके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इससे उसके पिता भरत सिंह, मां कैकेई देवी और बहन वसुंधरा घायल हो गई। इसी बीच वीरेंद्र का पुत्र सुग्रीव घर से लाइसेंसी बंदूक ले आया और छोटे भाई महेंद्र सिंह पर गोली चला दी। छर्रे पेट में लगने से भाई लहूलुहान होकर गिर गया। गोली चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
मारपीट में दूसरे पक्ष का तेजपाल भी घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष के लोग घरों से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां महेंद्र की हालत खराब होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ दलवीर सिंह वर्मा ने बताया कि घायल भरत सिंह की ओर से वीरेंद्र, मान सिंह, तेजपाल, सुग्रीव व प्रेमवती के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला करने सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दूसरे पक्ष के घायल आरोपी तेजपाल का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे हिरासत में लिया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।