पीलीभीत: खेत की मेड़ को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष, सात लोग घायल
पीलीभीत जिले के उमरिया गांव में शनिवार सुबह खेत की मेड़ को लेकर एक ही परिवार के लोग भिड़ गए। मारपीट में दंपती समेत सात लोग घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर है।
विस्तार
पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव उमरिया में शनिवार सुबह खेत की मेड़ को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। तीन बीघा जमीन की मेड़ की नाप-जोख और उसे सीधा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। बांके से भी हमला किए जाने का आरोप है। घटना में दंपती समेत दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गांव अमरिया निवासी विष्णु शनिवार सुबह करीब सात बजे अपने पिता प्रभुदयाल के साथ मेड़ की नाप-जोख कर रहे थे। दोनों खेत में कम-ज्यादा जमीन का हिसाब बराबर करने के लिए मेड़ सीधी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा सूरजपाल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुरानी मेड़ को ही सही बताते हुए नई मेड़ डालने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से मारपीट होने लगी।
आरोप है कि सूरजपाल पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और बांके से हमला कर दिया। इसमें विष्णु, उनकी पत्नी पुष्पा देवी और पिता प्रभुदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर गश्त कर रही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अपने वाहन से सीएचसी बरखेड़ा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल पुष्पा देवी ने अजय पाल, सूरजपाल, धीर सिंह और चमेली देवी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया आरोप
उधर, दूसरे पक्ष के लोग भी एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचे। चंदो देवी का आरोप है कि उनके पति अजय पाल और ससुर सूरजपाल गेहूं की बुवाई करने खेत पर गए थे। वहां विपक्षी पहले से मेड़ काटकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। बचाने पहुंचीं उनकी सास गेंदादेवी और उनके साथ भी मारपीट की गई।
दोनों पक्षों के कुल सात घायलों का सीएचसी बरखेड़ा में उपचार कराया गया। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
