पीलीभीत: सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर शनिवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे खाई में मिला। मृतक की पहचान मसीत गांव निवासी 27 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई। राजवीर जहानाबाद पुल पर सुरक्षा गार्ड थे। परिजनों ने हत्या कर शव खाई में फेंकने का आरोप लगाया है।
विस्तार
पीलीभीत में बरखेड़ा-गजरौला मार्ग पर भोपतपुर और प्रताप डंडी के बीच शनिवार सुबह सड़क किनारे खाई में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मसीत गांव निवासी 27 वर्षीय राजवीर के रूप में हुई। वह जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। शव के पास ही उनकी बाइक भी खाई में पड़ी थी। परिजनों ने हत्या कर शव खाई में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फील्ड यूनिट से घटनास्थल की जांच कराने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मसीत गांव निवासी शांति स्वरूप के बेटे राजवीर जहानाबाद पुल पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात थे। उनके पिता भी इसी पुल पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार, राजवीर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद बरखेड़ा बाजार से सामान खरीदने की बात कहकर घर से निकले थे। चर्चा है कि वह दौलतपुर निवासी युवक के साथ थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस भी उनकी तलाश में जुट गई।
शनिवार सुबह करीब छह बजे पिता शांति स्वरूप तलाश करते हुए भोपतपुर ईंट भट्ठे के आगे पहुंचे तो सड़क किनारे खाई में राजवीर का शव पड़ा मिला। पास में ही उनकी मोटरसाइकिल पड़ी थी। घटनास्थल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस मान रही हादसा
परिजनों के मुताबिक, राजवीर की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी पिछले तीन साल से अधिक समय से मायके में रह रही है। वह दो भाइयों में बड़े थे। छोटा भाई जितेंद्र घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है। पिता शांति स्वरूप और ताऊ गणेश प्रसाद ने राजवीर की हत्या कर शव खाई में फेंके जाने की आशंका जताई है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का मामला लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।