खरखौदा में एक और लड़की का धर्मांतरण!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र में एक और लड़की से धर्मांतरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया। अब उसकी मेडिकल रिपोर्ट और 164 के बयान का इंतजार है। हालांकि, लड़की ने हाईकोर्ट में खुद को बालिग बताकर प्रेमी से शादी कर ली है।
मूल रूप से अमरोहा जिले का समुदाय विशेष का एक परिवार तीन साल से खरखौदा क्षेत्र के गांव में रहता है। 21 जुलाई को उनकी लड़की पड़ोसी नितिन के साथ चली गई। परिजनों ने लड़की को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए नितिन और उसके दो साथियों पर केस कराया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हाईकोर्ट में खुद को बालिग बताकर शादी कर ली।
बुधवार को पुलिस ने लड़की को कोर्ट में पेश किया, लेकिन 164 के बयान नहीं हो सके। कोर्ट ने लड़की का मेडिकल और 164 के बयान कराकर पुलिस सुरक्षा देने का आदेश जारी किया। इधर, लड़की बरामद होने का पता लगते दोनों परिवार के लोग कचहरी परिसर पहुंचे। लड़की के परिजनों का कहना है कि लड़की की उम्र 14 साल है। दूसरे समुदाय के युवक ने अगवा कर जबरन धर्मांतरण कराकर लड़की से शादी कर ली।
मेडिकल और बयान पर टिकी जांच
एसओ खरखौदा मनोज कुमार ने बताया कि मामला दो समुदायों से जुड़ा है। हाईकोर्ट के आदेश पर लड़की का मेडिकल और 164 के बयान कराना है। इस पर लड़की का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया, जिसकी रिपोर्ट दो दिन बाद मिलेगी।
फिलहाल 164 के बयान न होने पर उसे नारी निकेतन भेजा है। पुलिस की जांच भी इन्हीं दोनों तथ्यों पर टिकी है। अहम यह है कि लड़की बालिग है या नाबालिग।
कचहरी में हंगामा, पुलिस तैनात:
लड़की के बरामद होने की सूचना पर दोनों समुदाय के लोगों की कचहरी में भीड़ लग गई। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर दोनों समुदाय के लोग हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस फोर्स पहुंची। इंस्पेक्टर सिविल लाइन आलोक सिंह ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात की गई थी।