मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। खेड़ामस्तान गांव में हनुमान मंदिर परिसर में तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर विधि विधान के साथ हनुमान जी मंदिर में पूजा अर्चना हुई। मुख्य पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई।
खेड़ामस्तान गांव में हनुमान जी के मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की तिथि द्वितीया, तृतीया व चतुर्थी को मेले का आयोजन होता है। इस मौके पर मंदिर में विराजमान हनुमान जी की पूूजा अर्चना होती है। शुक्रवार को सुबह सवेरे ग्रामीणों व बाहर से आए विद्वानों ने विशेष पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालुओं की पूजा अर्चना आरंभ हो गई। आस-पास के गांव तथा दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के मंदिर में घी का दीपक जलाकर उनके चरणों में शीश झुकाया। मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ भी आरंभ हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि हनुमान जी के मंदिर में घी का दीपक जलाने से उनके श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस मौके पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र मलिक, सोमपाल मलिक, देवेंद्र मलिक, देवेंद्र डीलर, प्रयागराज से आई संतोष मिश्रा व देवेश मिश्रा सहित कई विद्वान व ग्रामीण मौजूद रहे।