जुल्म नहीं करेगी बर्दाश्त, डटकर करेंगी मुकाबला
मुजफ्फरनगर, चरथावल। महिला दिवस पर महिलाओं ने नहीं बर्दाश्त करेंगे कोई जुल्म...डटकर करेंगे मुकाबला...का संकल्प लिया। थाना प्रांगण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर एक कमेटी का गठन किया गया।
क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सोमवार को चार महिलाओं को सीओ सदर हेमंत कुमार और एसएचओ एमपी सिंह द्वारा स्मृति चिह्न और पेंटिंग प्रदान का सम्मानित किया। चंद्रशेखर आजाद पीजी कॉलेज की प्राचार्या सत्या वर्मा, शिक्षिका आंचल चौधरी और मंजू शर्मा एवं समाजसेविका कविता को पुरस्कार मिला। थाना प्रांगण में आयोजित गोष्ठी में सीओ सदर ने कहा देश में आधी आबादी हर क्षेत्र में उच्च मुकाम हासिल कर रही है। बुलंद इरादों के साथ बेटियां आसमान छूने को आतुर हैं। एसएचओ एमपी सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र से गांवों में समाजसेवा, शिक्षिका, आंगनबाड़ी आदि से 25 महिलाओं को चयन कर कमेटी गठित की है। उनके द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्य किए जाएंगे। ग्रामीण अंचल की महिलाओं को उनके हकों की रक्षा को चलाई गई योजनाओं की जानकारी देना प्रमुख है। महिला कांस्टेबल अनुराधा चौधरी, लुहारी खुर्द की आंगनबाड़ी वंदना और सरिता एवं समाजसेविका नीलम आदि महिलाएं मौजूद रहीं।