खड़ी फसल पर चला बुलडोजर : सीएम योगी के अफसरों ने कब्जामुक्त कराई 41 बीघा जमीन
उत्तर प्रदेश में अवैध संपत्तियों पर सीएम योगी का बुलडोजर खूब दौड़ रहा है। मुजफ्फरनगर में आज प्रशासनिक अफसरों ने 41 बीघा जमीन को कब्जामुक्त कराया।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जिले में राज्य सरकार और नदी-तालाब की जमीनों पर कब्जामुक्त कराया गया। शाहुबुद्दीनपुर में नदी के दोनों तरफ की 12 बीघा और मांडी में राज्य सरकार की 29 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
तहसील सदर के एसडीएम परमानंद झा के नेतृत्व में शाहबुद्दीनपुर गांव में नदी के दोनों तरफ से कब्जाई गई 12 बीघा जमीन खसरा नंबर 620 को मुक्त कराया गया। यहां खड़ी फसल पर प्रशासन का बुलडोजर चला। छह लोगों ने लंबे समय से जमीन पर कब्जा कर रखा था और इसमें खेती की जा रही थी।
इस दौरान मौके पर शहर कोतवाली पुलिस भी मौजूद रही। यहां से प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बघरा ब्लाक के गांव मांडी में तितावी पुलिस को साथ लेकर पहुंची। गांव मांडी में खसरा नंबर 439, 444, 457 में 29 बीघा जमीन है।
यह भी पढ़ें: दुनिया में छाए पढ़ाई के अनोखे टिप्स: शिक्षिका अल्पना को हर कोई कर रहा सलाम, सोशल मीडिया पर भी कमाया बड़ा नाम
इस जमीन पर गांव के इरफान आदि आठ लोगों ने लंबे समय से कब्जा कर रखा था। यह जमीन चकबंदी में छोड़ी गई अतिरिक्त जमीन है और राज्य सरकार की संपत्ति है।
यह भी पढ़ें: अरबपति अकबर के बड़े राज: विदेशों तक फैला था गो-तस्कर का नेटवर्क, अब सामने आई ये सच्चाई, अफसर भी हैरान
अधिकारियों ने इस जमीन की पैमाइश कराकर पूरी तरह से खाली कराया और चारो तरफ तार लगाकर निशानदेही की गई। प्रशासन की टीम में तहसीलदार अभिषेक शाही, नायब तहसीलदार इंद्रदेव शर्मा, कानूनगो मांगेराम सैनी आदि मौजूद रहे। एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि अभी कुछ ओर जमीनों को इसी तरह खाली कराया जाएगा।