अकबर बंजारा को गो-तस्करी का ऐसा चस्का लगा कि वह सिर्फ सात साल में ही अरबपति बन गया। अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति के जाल में वह इस कदर फंस चुका था कि उसे अपनी जान की जरा भी परवाह नहीं रही। आखिर में अंजाम भी यही हुआ कि मुठभेड़ में वह और उसका भाई सलमान दोनों मारे गए। अब मेरठ पुलिस उसकी संपत्ति को जब्त करने की तैयारी कर रही है।
अरबपति अकबर के बड़े राज: विदेशों तक फैला था गो-तस्कर का नेटवर्क, अब सामने आई ये सच्चाई, अफसर भी हैरान
जांच में सामने आई 300 करोड़ की संपत्ति
पुलिस का दावा है कि सात साल पहले गोतस्करी में उतरे बंजारा की करीब 300 करोड़ संपत्ति जांच में सामने आई है। बुधवार पुलिस ने उसकी संपत्ति के बारे में देहात इलाके से जानकारी ली। जिसमें पता चला कि अकबर बंजारा ने बहसूमा में 58 बीघा आम का बाग खरीदा था। पास में ही 39 बीघा बाग खरीदने के लिए भी अकबर बंजारे ने बयाना भी दिया हुआ है।
अकबर बंजारा ने दुकानों की दो मार्कट भी बनाई थी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि तीन साल से अकबर लगातार जमीन खरीद रहा है। तीन साल पहले शास्त्रीनगर आरटीओ के पास सेक्टर-10 में दो करोड़ में एक आलीशन कोठी खरीदी। लिसाड़ीगेट में 100 फुटा रोड फतेहउल्लापुर में दो मार्केट बनाई। जिसमें एक मार्केट में सात दुकान और दूसरी मार्केट में पांच दुकानें बनी हैं, जोकि किराये पर चलती है। इसके अलावा भी लिसाड़ीगेट में उसके कई प्लाट बताए हैं।
बंजारे की फॉर्च्यूनर से चलता था प्रॉपर्टी डीलर
अकबर बंजारे की बहसूमा में रहने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर से दोस्ती थी। यह प्रॉपर्टी डीलर ही बंजारे को जमीन की खरीद-खरोख्त कराता था। अकबर ने छह महीने से उक्त प्रॉपर्टी डीलर को अपनी फॉर्च्यूनर दी हुई थी। यह फॉर्च्यूनर अकबर बंजारे के नाम है और उसका रजिस्ट्रेशन लखनऊ का है।
हाल में छह करोड़ की जमीन बेची थी
पुलिस ने बताया कि बिजनौर, बहसूमा, मवाना, लिसाड़ीगेट, शास्त्रीनगर समेत कई जगहों पर अकबर बंजारे की करोड़ों रुपये की जमीन खरीदने व बेचने की बातचीत चल रही थी। हाल में अकबर ने छह करोड़ की जमीन बेची थी।