मुजफ्फरनगर। फुगाना थाने पर गठवाला खाप की पंचायत के एक दिन बाद भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम चंद्रभूषण सिंह से मुलाकात की। उन्होंने किसानों और बुढ़ाना क्षेत्र के विकास कार्यों का प्रकरण डीएम के सामने रखा। सिसौली में सीओ फुगाना का कार्यालय बनाने की मांग भी रखी।
नरेश टिकैत ने सिसौली मुंडभर की पुलिया तक के सड़क का निर्माण, सिसौली सीएचसी में पूर्णकालिक चिकित्सकों की नियुक्ति और सीओ फुगाना का कार्यालय सिसौली सीएचसी में बनाए जाने का मामला उठाया। डीएम चंद्र भूषण सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि कानून के दायरे में सभी काम किए जाएंगे। जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं का निश्चित रूप से समाधान करेगा। किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव प्रशासन के स्तर पर नहीं होगा। मुख्य अधिकारी विकास अधिकारी संदीप भागिया ने भी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। गठवाला खाप के चौधरी श्याम सिंह बहावडी, पूर्व प्रमुख विनोद मलिक, ओमपाल सिंह शामिल रहे।