UP: लखनऊ में बदलती रही सरकार, किसान मसीहा को हर पार्टी करती रही नजरअंदाज, 19 साल से है अनावरण का इंतजार
Muzaffarnagar News : लखनऊ में सरकार बदलती रही, लेकिन चौधरी साहब की प्रतिमा की किसी ने सुध नहीं ली। बड़े-बड़े वायदे किए गए, लेकिन हालात अभी भी जस के तस बने हुए हैं।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के परासौली में सिंचाई विभाग की जमीन पर लगाई गई किसान मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा 19 साल से अनावरण का इंतजार कर रही है। लखनऊ में सरकार बदलती रही, लेकिन चौधरी साहब की प्रतिमा की किसी ने सुध नहीं ली। बड़े-बड़े वायदे किए गए, लेकिन हालात अभी भी जस के तस बने हुए हैं।
चौधरी चरण सिंह हिंडन-कृष्णा दोआबा नहर प्रणाली का लोकार्पण 15 जनवरी 2004 को तत्कालीन सिंचाई विभाग की मंत्री अनुराधा चौधरी ने किया था। बुढ़ाना क्षेत्र के परासौली गांव के पास सिंचाई विभाग की जमीन पर वाटिका का निर्माण कर किसान मसीहा की प्रतिमा स्थापित की गई। विभाग की जमीन पर प्रतिमा होने के चलते विभाग ही फैसला करेगा, लेकिन इस पर 19 साल बाद भी अंतिम फैसला नहीं हो सका। यही वजह है कि 19 साल बाद भी चौधरी साहब की प्रतिमा पन्नी में लिपटी हुई है और उसका अनावरण नहीं हो सका है।
जल्द कराया जाएगा अनावरण : बालियान
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान का कहना है कि सिंचाई मंत्री की जानकारी में मामला है। जल्द ही अनावरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: जयंती पर विशेष: ग्रामीण विकास के सच्चे पैरोकार थे चौधरी चरण सिंह, पढ़िए उनके बारे में अनसुने किस्से
सिंचाई मंत्री को करनी चाहिए पहल : राजपाल
रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान का कहना है कि सिंचाई मंत्री को इसके लिए प्रयास करने चाहिएं। यह सिंचाई विभाग की जमीन पर है। प्रतिमा का अनावरण सरकार की जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: UP: जेल गया कमर अहमद काजमी, दुबई से जुड़े हैं तार, करोड़ों के फर्जीवाड़े का खुला हर राज