पुरकाजी। क्षेत्र के गांव भूराहेड़ी में पानी का टैंक बनकर तैयार हुए करीब तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन पाइपलाइन और कनेक्शन के अभाव में ग्रामीणों को अभी तक पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्राम प्रधान रेणु देवी ने बताया कि आधे गांव में पाइपलाइन डाली गई है, जबकि आधे में अभी भी नहीं डाली गई है।
कनेक्शन न मिलने के कारण पूरे गांव में जलापूर्ति ठप है। पाइपलाइन डालने के लिए उखाड़ी गई सड़कों की मरम्मत भी नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा, टैंक के पास बने खेल मैदान में सामान डाल दिया गया है, जिससे खिलाड़ियों को भी अभ्यास करने में परेशानी हो रही है। डीएम को पत्र भेजकर पेयजल आपूर्ति की मांग रखी गई है।