मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याण देव, राजेश पायलट युवा कल्याण केंद्र रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर के 25वें स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुर्जर समाज की प्रतिभाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिजनौर सांसद मलूक नागर रहे। इसके अतिरिक्त विशिष्ठ अतिथि पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह, शिक्षाविद ओमप्रकाश गांधी, सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी, अध्यक्ष नेपाल सिंह कसाना, अशोक पंवार, महाराज सिंह, सुधीर क्रांतिकारी आदि ने कार्यक्रम का शुभारंभ कराया। नवनियुक्त आईपीएस अभिमन्यु पोसवाल कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर 160 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद मलूक नागर ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करने से नवीन प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलती है और अभिभावकों को अपने बच्चों को शिक्षा की ओर बढ़ाने का उत्साह मिलता है। पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि छात्रावास ने समाज को कई प्रतिभाएं दी हैं। नेपाल सिंह ने घोषणा की कि समाज का कोई भी बच्चा यदि आगे बढ़ना चाहता है तो उसकी पूरी तरह सहायता की जाएगी। छात्रावास के पूर्व विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। संचालन डॉ कलम सिंह व रामपाल सिंह ने किया। कार्यक्रम में पुष्पेंद्र, ओपी चौहान, मदनपाल सिंह, सुरेश, बालकराम, सत्यपाल, संदीप, डॉ बीपी सिंह आदि का सहयोग रहा।

रामपुर तिराहे पर सम्मान समारोह में मौजूद ग्रामीण।।- फोटो : MUZAFFARNAGAR