Muzaffarnagar: प्रवीण तोगड़िया का बड़ा बयान, हिंदुओं से एकजुट होने की अपील, सुरक्षा और गोसंरक्षण पर रखी बात
मुजफ्फरनगर के खतौली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रशिक्षण शिविर में प्रवीण तोगड़िया ने हिंदू एकता, आत्मरक्षा, गोसंरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित जवाहर लाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रशिक्षण शिविर में संगठन के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हिंदू समाज की एकता, आत्मरक्षा, गोसंरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में उनके पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शिविर में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदू समाज की एकजुटता पर दिया जोर
अपने संबोधन में प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित और जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने ऐतिहासिक घटनाओं और कश्मीर से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि संगठन आगामी समय में 'वीर हिंदू विजेता अभियान' को देशभर में आगे बढ़ाएगा।
यह भी पढ़ें:Deoband: जैश और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था मोहतशिम, व्हाट्सएप पर आतंकियों को देता था OTP
गोसंरक्षण और कानून बनाने की मांग
पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिया जाना चाहिए और गोसंरक्षण के लिए देश में सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन देश के विभिन्न राज्यों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करेगा। अभियान के अंतर्गत युवाओं को शारीरिक व्यायाम, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बडसू और सिकंदरपुर में भी किया दौरा
खतौली कार्यक्रम के बाद प्रवीण तोगड़िया रतनपुरी क्षेत्र के बडसू और सिकंदरपुर गांव भी पहुंचे। यहां उन्होंने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सिकंदरपुर निवासी संगठन पदाधिकारी प्रमोद कुमार सैनी के आवास पर पहुंचकर उन्होंने उनकी पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की और कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष देशराज सिंह, प्रांत संगठन मंत्री प्रमोद कुमार, जिला महामंत्री अभिषेक गर्ग समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।