Muzaffarnagar: शादी की खुशियों के बीच ब्रेन हेमरेज से किशोर की मौत, मातम में बदला समारोह
सिसौली कस्बे की पट्टी लेपरान में शादी समारोह के दौरान 16 वर्षीय किशोर की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। देर रात तबीयत बिगड़ने पर हायर सेंटर ले जाते समय किशोर ने दम तोड़ दिया।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के सिसौली कस्बे की पट्टी लेपरान में शुक्रवार रात शादी की खुशियों के बीच उस समय मातम छा गया, जब 16 वर्षीय किशोर आशु की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
शादी समारोह में बिगड़ी तबीयत
राजमिस्त्री सोम का बेटा आशु परिवार में ही आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात बरात की विदाई के बाद वह अपने साथियों के साथ कुर्सी पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़ा।
हायर सेंटर ले जाते समय तोड़ा दम
साथी उसे तुरंत एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान उसका ब्लड प्रेशर अधिक पाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे मुजफ्फरनगर ले जा रहे थे, लेकिन तितावी के पास पहुंचते ही किशोर ने दम तोड़ दिया।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार दोपहर को आशु का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। शादी वाले घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहां अचानक छाए मातम ने हर आंख नम कर दी।