मोरना। गांव मोरना में शुकतीर्थ रोड पर हुई भाकियू की पंचायत में जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि नवजात शिशु के आने से किसान के घर में खुशियों का माहौल बना है। प्रशासन उन्हें बेवजह परेशान कर रहा है। भाकियू किसान के साथ है और नवजात को किसी भी सूरत में प्रशासन को नहीं देने देंगे।
ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी किसान मोहम्मद रफी को तीन जनवरी को जंगल में नवजात शिशु मिला था। जिसे वह घर ले आया था। कानूनी तौर पर लावारिस नवजात शिशु को बिना प्रक्रिया के नहीं दिया जा सकता है। जिसके सापेक्ष बाल कल्याण समिति न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मोहम्मद रफी को नोटिस भेजकर शुक्रवार को नवजात शिशु को लेकर उनके सम्मुख पेश होने का आदेश दिया है। रविवार को मोरना में शुकतीर्थ रोड पर भाकियू की पंचायत हुई। जिसमें किसान मोहम्मद रफी ने नवजात शिशु का पालन पोषण करने की बात रखी। जिलाध्यक्ष ने किसान का ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रशासन उन्हें बेवजह परेशान न करें और नवजात शिशु को किसी भी सूरत में प्रशासन को नहीं देने देंगे। पंचायत में जिला उपाध्यक्ष मिंटू राठी, जिला महामंत्री योगेश शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष विकास कुमार, नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह, प्रवीण कुमार आदि रहे।