मुजफ्फरनगर: थप्पड़ कांड में शासन की बड़ी कार्रवाई, आईजी मेरठ नचिकेता झा करेंगे घटना की जांच
शासन ने जनपद मुजफ्फरनगर के खुब्बापुर प्रकरण में छात्र को थप्पड़ मारने की घटना की जांच आईजी मेरठ नचिकेता झा, (पुलिस महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र मेरठ ) को सौंपी गई है।
विस्तार
मुजफ्फरनगर के खुब्बापुर गांव के स्कूल के थप्पड़ मामले में शासन ने पर्यवेक्षण के लिए आईजी मेरठ नचिकेता झा, (पुलिस महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र मेरठ ) को नामित किया है। पिछले महीने 24 अगस्त को अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र की पिटाई के बाद वीडियो वायरल हो गया था।
प्रकरण की गूंज लखनऊ और दिल्ली तक हुई थी। मानवाधिकार आयोग और अल्पसंख्यक आयोग जांच कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट तक भी यह मामला पहुंच चुका है। पुलिस ने आरोपी शिक्षिका तृप्ता त्यागी के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी, जिसे अब एफआईआर में बदल दिया गया था। किशोर न्याय अधिनियम की धारा बढ़ाकर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2023: स्वर्ण पदक विजेता अन्नु रानी का जोरदार स्वागत, जश्न के दौरान भाई हादसे में घायल, हालत गंभीर
यह था पूरा मामला
खुब्बापुर गांव के स्कूल में शिक्षिका तृप्ता त्यागी ने पांच का पहाड़ा नहीं सुनाने पर अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र की सहपाठियों से पिटाई करा दी थी। इसी दौरान जातीय टिप्पणी का भी आरोप है। प्रकरण के दौरान पीड़ित छात्र के चचेरे भाई ने वीडियो बना लिया।
वीडियो के वायरल होते ही देशभर से प्रतिक्रियाएं आने लगीं और शिक्षिका की गिरफ्तार की मांग उठने लगी। आरोपी शिक्षिका पर अब एफआईआर दर्ज हो गई है। खुब्बापुर गांव के पीड़ित छात्र का अभी तक किसी स्कूल में प्रवेश नहीं हो सका है।
जमीयत उलमा ने छात्र के घर पर शिक्षक भेजकर पढ़ाई शुरू करा दी है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षक रोजाना घर पर पहुंचकर छात्र को पढ़ाने का कार्य करेगा।