एशियन गेम्स 2023: अन्नु का जोरदार स्वागत, जश्न के दौरान भाई हादसे में घायल, थाने पहुंचीं गोल्डन गर्ल
चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स में महिलाओं की भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्नू रानी आज अपने गांव पहुंचीं। यहां परतापुर के काशी टोल प्लाजा से उनके गांव तक जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। वहीं, अन्नु का भाई सड़क हादसे में घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियाई खेलों में भारत का नेतृत्व करते हुए बहादरपुर गांव निवासी किसान अमरपाल की बेटी अन्नु रानी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है। इसके बाद से परिजन, ग्रामीण व आसपास के लोग बेटी अन्नु रानी के स्वागत के इंतजार में पलकें बिछाए थे।
आज अन्नु रानी अपनी मातृभूमि लौटी हैं। अन्नु रानी के दबथुवा पहुंचने के दौरान कंकरखेड़ा बाइपास से ही ग्रामीण अन्नु रानी का स्वागत करना शुरू किया। उनके परतापुर पहुंचने से लेकर गांव पहुंचने तक फूलमालाएं पहनाकर और तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि वह पदक जीतने के बाद से बेटी के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। अन्नु के पिता अमरपाल का कहना है कि उन्हें बेटी के घर आने का बेसब्री से इंतजार था। अन्नु सुबह 11 बजे कंकरखेड़ा पहुंची, जहां से ढोल-नगाड़ों के साथ बेटी का स्वागत कर घर तक ले जाया गया।