मोरना। शुकतीर्थ में रविवार को चौधरी चरणसिंह युवा दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 12 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री रेस में लोकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
शुकतीर्थ में आयोजित युवा दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी ओमानंद महाराज ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान देना चाहिए। खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास होता है। प्रतियोगिता में 12 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस में लोकेश ने प्रथम, राहुल ने द्वितीय और रोहन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की दो किलोमीटर रेस के जूनियर वर्ग में अर्पिता सैनी प्रथम, शशि द्वितीय व रूबी तृतीय स्थान पर रही। 800 मीटर दौड़ में अभिषेक प्रथम, निशांत द्वितीय व शिवांक तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में आशु प्रथम, प्रशांत द्वितीय और सुमित तृतीय स्थान पर रहे। समाजसेवी जोगेंद्र वर्मा ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल व प्रमाण-पत्र प्रदान किए। महामंडलेश्वर गोपालदास महाराज, कृपालदास महाराज, स्वामी प्रियदेव महाराज, भाजपा नेता अमित राठी, राजपाल सैनी, कृष्ण आर्य, देवपाल राठी, कंवरपाल सैनी, संजय, रवि, योगी जितेंद्र, अमित, आकाश धारीवाल और अक्षय चौधरी आदि का सहयोग रहा।