Kisan Andolan: कलक्ट्रेट में किसान ने खुद को लगाई आग, भाकियू कार्यकर्ताओं में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस
Kisan Andolan : मुजफ्फरनगर में कलक्ट्रेट में पंचायत खत्म होने के बाद एक किसान ने खुद को आग लगा ली। इससे भाकियू कार्यकर्ताओं में महड़कंप मच गया।
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के धरने के दौरान बैंक के ऋण से परेशान भाकियू कार्यकर्ता ने खुद को आग लगा ली। कार्यकर्ताओं ने उसे बमुश्किल बचाया। पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती करा उपचार दिलाया। सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने बताया कि किसान की समस्या को समझकर उसका समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कलक्ट्रेट में भाकियू कार्यकर्ता एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप को मांगपत्र सौंप रहे थे। इसी दौरान धरनास्थल के पीछे बरामदे में भाकियू कार्यकर्ता एवं दिल्ली के किसान आंदोलन में शामिल रहे भौराकलां क्षेत्र के जैतपुर गांव निवासी बृजपाल शास्त्री ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। इससे मौके पर भगदड़ मच गई।
वहीं, भाकियू कार्यकर्ता किसान को लेकर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह के सामने पहुंचे। किसान ने बताया कि उसे बुढ़ाना के बैंक परेशान कर रहे हैं। उधर, शुरुआत जांच में पता चला कि किसान बैंक का बड़ा बकाएदार है। प्रशासन ने बताया कि पीड़ित का उपचार कराया जा रहा है। किसान स्वस्थ है। प्रकरण की गहनता से जांच कराई जा रही है।
युवा बोले, हम फांसी लगा लें या जहर खा लें
भाकियू की पंचायत में पहुंचे यूपी पुलिस की परीक्षा देने वाले युवाओं ने कहा कि हालात विकट हैं। बेरोजगारी का संकट है। फांसी लगाने या जहर खाने की नौबत आ गई है। अभ्यर्थी रवि ने पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत से सहयोग मांगा।
ये रहे मौजूद
कलक्ट्रेट में पंचायत की अध्यक्षता राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक और संचालन सुमित पचैंडा और देव अहलावत ने किया। जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष नवीन राठी, धीरज लाटियान, सतेंद्र ठाकुर, कपिल सोम, मान सिंह, श्यामपाल चेयरमैन, रणधौल राठी, बूटा सिंह, सरदार अमीर सिंह, मोनू प्रधान, विकास शर्मा, संजीव पंवार, कुलदीप त्यागी, बिजेंद्र बालियान मौजूद रहे।
कलक्ट्रेट में प्रदर्शन, एसएसपी ऑफिस में जबरन घुसाए ट्रैक्टर
भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। एसएसपी ऑफिस में ट्रैक्टर घुसाकर खड़े किए। बुधवार को शहर में कई जगह जाम की स्थिति रही। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि 26 फरवरी को किसान सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे। हरिद्वार से दिल्ली तक अपने-अपने क्षेत्र में किसान ट्रैक्टर खड़े करें।
यह भी पढ़ें: Tractor March: किसानों ने जबरन कलक्ट्रेट में घुसाए ट्रैक्टर, मेरठ में पुलिस से नोकझोंक, BKU ने किया बड़ा एलान
इस दौरान किसानों से आह्वान किया कि कहीं भी आम रास्ता या हाईवे जाम न करें। भाकियू कार्यकर्ता जाम लगाने वालों पर भी निगाह रखेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि तैयारी मजबूत रखें, आंदोलन बड़ा होगा। इस दौरान 15 सूत्रीय मांग पत्र एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप को सौंपा।
यह भी पढ़ें: Kisan Andolan: कलक्ट्रेट में किसान ने खुद को लगाई आग, भाकियू कार्यकर्ताओं में मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस