UP: केशव प्रसाद मौर्य बोले- किसान हमारे भगवान, पहलवानों के सवाल पर बड़ा बयान, राहुल गांधी पर तीखा हमला
Muzaffarnagar News : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी बोलेंगे तो देश उन पर हंसेगा। उन्होंने कहा अमेरिका के लोग भी राहुल गांधी पर हंसेंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। डिप्टी सीएम पहले पुलिस लाइन पहुंचे और फिर पार्टी के गांधीनगर स्थित कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व विधायक उमेश मलिक भी उनके साथ रहे।
वहीं, दूसरे कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शुकतीर्थ में गंगा की धारा लाने का प्रस्ताव दोबारा तैयार होगा। साथ ही कहा कि किसानों का कोई कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसान हमारे भगवान हैं। वहीं, पहलवानों के सवाल पर कहा कि पहलवान हमारे देश के गौरव हैं। कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी होगा।
यह भी पढ़ें: बेबस है बेटा: पिता की बंदूक बचाने के लिए जद्दोजहद, पर नहीं टूट रही अफसरों की नींद, हर बार अटक जाती है फाइल
इससे पहले पार्टी कार्यालय पर उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी बोलेंगे तो देश उन पर हंसेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के लोग भी राहुल गांधी पर हंसेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने परिवारतंत्र को ही लोकतंत्र माना है। कहा कि इन्हें ऐसा लगता है कि अगर देश में कांग्रेस सरकार तो ही लोकतंत्र है। वहीं, अमेरिका का जिक्र करते हुए कहा कि जिस देश के राष्ट्रपति खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए ऑटोग्राफ मांग रहे हों, उसी देश में जाकर राहुल गांधी पीएम मोदी के खिलाफ बोलेंगे तो क्या वहां के लोग उन पर हंसेंगे नहीं।
इसके अलावा उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सब भाजपा को हराने व देश के विकास के लिए एक नहीं हो रहे हैं, बल्कि खुद के द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए एक हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
यह भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफनाक इरादा: यहां तेजी से पसार रहा पैर, इन दो शूटरों पर पैनी नजर, पर उठ रहा बड़ा सवाल
इसके बाद उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ओडिशा में हुए ट्रेन हादसे पर दुख जताया। इस दौरान पार्टी कार्यालय पर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ दो मिनट का मौन रखा।